जिस ट्रैक्टर पर बैठकर हंस रही थी अनुराधा, वही बना काल, चाचा के साथ गाड़ी पर सवार मासूम को मौत ने खींचा, चक्के के नीचे कुचला बचपन

सुपौल के छातापुर में एक दर्दनाक हादसा! मिट्टी लदे ट्रैक्टर से गिरकर 10 साल की मासूम अनुराधा की मौत। चाचा की लापरवाही ने छीनी जान। हादसे के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।

सुपौल छातापुर ट्रैक्टर हादसा मृत बच्ची अनुराधा कुमारी।

Supaul - : छातापुर थाना क्षेत्र के लालगंज पंचायत में बुधवार को एक ऐसी हृदयविदारक घटना घटी, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक चचेरे चाचा की मामूली सी लापरवाही ने 10 वर्षीय मासूम बच्ची, अनुराधा कुमारी, की जिंदगी का चिराग बुझा दिया। घर के पास ही मिट्टी भराई के काम के दौरान हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है।

मौत का 'सफर': ट्रैक्टर पर बैठाना पड़ा भारी

जानकारी के मुताबिक, लालगंज पंचायत के वार्ड संख्या दो निवासी धीरेंद्र मंडल की पुत्री अनुराधा अपने चचेरे चाचा के साथ ट्रैक्टर पर सवार थी। चाचा घर के पास से मिट्टी काटकर ट्रैक्टर से भराई का काम कर रहा था। इसी दौरान खेल-खेल में मासूम अनुराधा को भी ट्रैक्टर पर बैठा लिया गया। किसी ने सोचा भी नहीं था कि यह सवारी अनुराधा की आखिरी सवारी साबित होगी।

संतुलन बिगड़ा और चक्के के नीचे कुचली गई मासूम

रास्ते में अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और अनुराधा झटके के साथ नीचे गिर पड़ी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या ट्रैक्टर रुकता, मासूम बच्ची भारी-भरकम ट्रैक्टर के चक्के की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि अनुराधा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोग और परिजन उसे आनन-फानन में सीएचसी छातापुर ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल में मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

जैसे ही डॉक्टर ने बच्ची की मौत की पुष्टि की, अस्पताल परिसर चीखों से गूंज उठा। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से मर्माहत है। मासूम की मौत ने एक बार फिर ट्रैक्टरों के असुरक्षित उपयोग और बच्चों के प्रति बरती जाने वाली लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिसिया कार्रवाई: शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

घटना की सूचना मिलते ही छातापुर थाना पुलिस सीएचसी पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त होगा, मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

रिपोर्ट - विनय कुमार मिश्र लोकेशन - सुपौल