वेलेंटाइन डे से पहले प्रेमिका की होनेवाली थी शादी, रोकने के लिए युवक ने होनेवाले दूल्हे को किया फोन, जवाब में मिली मौत की सजा

प्रेम प्रसंग के कांटे को रास्ते से हटाने के लिए एक ग्रामीण चिकित्सक ने अपनी बेटी के प्रेमी को मौत की नींद सुला दिया। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस बल गांव में कैंप कर रहा है।

वेलेंटाइन डे से पहले प्रेमिका की होनेवाली थी शादी, रोकने के

Patna - जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के चकला गांव में उस वक्त मातम और सनसनी फैल गई, जब लापता 25 वर्षीय युवक सौरभ कुमार का शव जदिया थाना क्षेत्र के एक नहर किनारे गड्ढे से बरामद हुआ। परिजनों का आरोप है कि यह कोई सामान्य मौत नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। प्रेम प्रसंग के कांटे को रास्ते से हटाने के लिए एक ग्रामीण चिकित्सक ने अपनी बेटी के प्रेमी को मौत की नींद सुला दिया। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस बल गांव में कैंप कर रहा है।

नहर किनारे गड्ढे में मिली सौरभ की लाश 

मंगलवार की सुबह जदिया थाना क्षेत्र के चकरदाहा गांव के पास ग्रामीणों ने एक युवक का शव देखा, जिसकी पहचान छातापुर के चकला गांव निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई। सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार और पुलिस इंस्पेक्टर एस.के. पासवान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया है।

शादी रोकने की कोशिश बनी मौत का कारण 

मृतक सौरभ का गांव के ही एक ग्रामीण चिकित्सक की पुत्री से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के पिता ने इस रिश्ते का विरोध करते हुए उसकी शादी 13 फरवरी को कहीं और तय कर दी थी। परिजनों के अनुसार, युवती ने ही सौरभ को अपने होने वाले पति का नंबर दिया था। सौरभ ने उसे फोन कर अपने प्रेम की बात बताई और शादी न करने का अनुरोध किया, जो डॉक्टर परिवार को नागवार गुजरा।

आधी रात को बुलाया और कर दी हत्या 

आरोप है कि सोमवार की देर रात करीब दो बजे सौरभ के पास एक फोन आया, जिसके बाद वह ग्रामीण चिकित्सक के टोले की ओर गया। वहां पहले से घात लगाए बैठे डॉक्टर और उसके सहयोगियों ने सौरभ को दबोच लिया। पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। साक्ष्य छिपाने की नीयत से आरोपियों ने शव को चकरदाहा स्थित नहर के पास फेंक दिया।

पुलिस की जांच और एसडीपीओ का आश्वासन 

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ विभाष कुमार ने मृतक के घर जाकर पीड़ित मां रीता देवी और अन्य परिजनों से विस्तृत पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि पूर्व में भी ग्रामीण चिकित्सक ने सौरभ को जान से मारने की धमकी दी थी। एसडीपीओ ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

गांव में तनाव, पुलिस का पहरा 

इस हत्याकांड के बाद चकला गांव में दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस छातापुर और जदिया थाना क्षेत्र के संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। ग्रामीण चिकित्सक और उसके परिवार के कुछ सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस अब उस मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल (CDR) खंगाल रही है, जिससे सौरभ को रात के वक्त आखिरी बार कॉल किया गया था।

रिपोर्ट - विनय कुमार मिश्रा