महादेव मंदिर में चोरी से हड़कंप, नकदी सहित घंटा-त्रिशूल भी ले उड़े चोर, ऐसे हुआ खुलासा
चोरों के आतंक से भगवान का घर भी सुरक्षित नहीं है. ऐसा ही एक मामला बिहार के सुपौल जिले में सामने आया है जहां चोरों ने प्रसिद्ध महादेव मंदिर में चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया है.
Bihar News : सुपौल जिले के राघोपुर थाना परिसर स्थित बाबा सर्वेश्वर नाथ शिव मंदिर में बुधवार रात चोरी की घटना ने स्थानीय लोगों को चौंका दिया। चोरों ने मंदिर से घंटा, घंटी, त्रिशूल सहित अन्य सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, चोर मंदिर से लगभग पांच किलोग्राम का घंटा, दो किलोग्राम की घंटी, एक त्रिशूल, एक ग्रंथ पुस्तक और करीब 9,000 रुपये नकद चुरा ले गए। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह उस समय हुई जब पुजारी रोजाना की तरह पूजा और सफाई के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिर का सामान गायब देख उन्होंने स्थानीय लोगों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस इलाके में चोरी हुई है। इसी महीने थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक हनुमान मंदिर में भी दो बार चोरी की वारदात हो चुकी है। उन घटनाओं में चोरों ने दान पेटी का ताला तोड़कर हजारों रुपये पार कर दिए थे।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उनका कहना है कि जब थाना परिसर के भीतर स्थित मंदिर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठना लाजिमी है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट