Bihar Road Accident: रफ्तार का कहर, कंटेनर से आमने-सामने भिड़ी बाइक, दो युवकों की मौके पर मौत, NH-327 बना मौत का मैदान

Bihar Road Accident: तेज रफ्तार कंटेनर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

Two Youths Killed in Container Bike Collision
रफ्तार का कहर- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। एनएच-327 पर पांडयपट्टी पंचायत सरकार भवन के पास तेज रफ्तार कंटेनर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर रानीगंज से जदिया की ओर जा रहे थे। रात के अंधेरे में अचानक सामने से आ रहे बेलगाम कंटेनर ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीनों युवक बिना हेलमेट के सवार थे, जिससे हादसे की भयावहता और बढ़ गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया।

इस हादसे में मृतकों की पहचान मधेपुरा जिले के सिंघेश्वर थाना क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय जेबा और श्रीनगर थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद आलम के पुत्र 21 वर्षीय मोहम्मद अरवाज के रूप में हुई है। वहीं तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही जदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

जदिया थानाध्यक्ष नंद किशोर ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद एनएच-327 पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सामान्य कराया। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है जहां एक पल की चूक, जिंदगी भर का अंधेरा बन जाती है।

रिपोर्ट - विनय कुमार मिश्र