Bihar temperature: बिहार में करवट ले रहा मौसम, मधेपुरा-रक्सौल में तेज बारिश, रोहतास में भीषण गर्मी ने तोड़े पिछले सभी रिकॉर्ड

सुपौल, रक्सौल और मधेपुरा में रविवार सुबह से ही मौसम ने करवट ली। तेज आंधी और झमाझम बारिश ने लोगों को जहां गर्मी से राहत तो दी, लेकिन साथ ही तबाही का मंजर भी पेश किया।

Weather changes in Bihar with heavy rains in Madhepura and R
भीषण गर्मी से तड़पते लोगों पर बरसी आसमान से राहत- फोटो : social Media

Bihar temperature: बिहार की फिजाओं ने अचानक रुख बदल लिया है। एक तरफ जहाँ सूरज आग उगल रहा था और लोग भीषण गर्मी से बेहाल थे, वहीं अब कुदरत का बदमिजाज रूप सामने आया है। रविवार को बिहार के कई जिलों में काल बैसाखी ने दस्तक दी, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

दिन में छाया अंधेरा, ओलों से तबाह हुई फसल

सुपौल, रक्सौल और मधेपुरा में रविवार सुबह से ही मौसम ने करवट ली। तेज आंधी और झमाझम बारिश ने लोगों को जहां गर्मी से राहत तो दी, लेकिन साथ ही तबाही का मंजर भी पेश किया। सुपौल में देर रात हुई ओलावृष्टि इतनी भीषण थी कि कई घरों की एस्बेस्टस की छतें टूट गईं और कच्चे मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है, खासकर आम की फसल को इस बेमौसम बरसात और ओलों ने भारी नुकसान पहुंचाया है। मधेपुरा में तो तेज हवा और बारिश के कारण दिन में ही रात जैसा नजारा देखने को मिला।

गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, अब आफत का साया

सूबे में पिछले कई दिनों से लू जैसे हालात थे। रोहतास और कैमूर में तो पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया था। शनिवार को रोहतास में 44.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जिसने 5 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। झुलसाती धूप से बेहाल बिहार की जनता को इस बारिश ने राहत तो दी है, लेकिन इसके साथ आए खतरों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

मौसम विभाग की चेतावनी

बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण बनी 'काल बैसाखी' की स्थिति के चलते मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, शिवहर और सीतामढ़ी जैसे जिले शामिल हैं।

अगले 4 से 5 दिनों तक आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल आशंका है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजधानी पटना में भी देर शाम तक आंधी-पानी की संभावना बनी हुई है। फिलहाल, बदलते मौसम के मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सचेत रहने की सलाह दी है। सावधान रहें, सुरक्षित रहें!