12 वर्षों से फरार 20 हजार के इनामी बदमाश गिरफ्तार, पत्नी है बीस सूत्री कार्यक्रम की प्रखंड अध्यक्ष और भाजपा की बड़ी नेत्री

Vaishali : सहदेई थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मजरोही से अंतराज्यीय 20 हजार का कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है। गिरफ्तार किया गया अपराधी सदर थाना के सेदुआरी निवासी स्व. जुलुम सिंह के पुत्र प्रमोद कुमार सिंह उर्फ प्रमोद कुमार कुशवाहा बताया गया। वह रांची के लालपुरा थाना में अपहरण एवं भगवानपुर थाना में लूट के मामले में जेल जा चुका है। बताया गया है कि गिरफ्तार बदमाश की पत्नी भाजपा प्रखंड कमेटी में पदाधिकारी एवं सरकार के द्वारा घोषित बीस सूत्री की प्रखंड अध्यक्ष हैं।
उक्त जानकारी सदर एसडीपीओ वन ओमप्रकाश ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी। एसडीपीओ ने बताया कि 30 सितम्बर 2013 को सहदेई थाना क्षेत्र के ग्राम मजरोही स्थित योगेन्द्र सिंह, पिता आशीष सिंह के मकान में बदमाश किसी अपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से एकत्रित हुए थे। जिसे वैशाली पुलिस के द्वारा अपराधिक षड्यंत्र रच रहे कुल छह बदमाश को अवैध आग्नेयास्त्र एवं विस्फोटक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया गया था एवं उक्त घटना में शामिल एक अन्य बदमाश प्रमोद कुमार सिंह उर्फ प्रमोद कुमार कुशवाहा पिता स्वर्गीय जुलूम सिंह, सेन्दुआरी, थाना-सदर, जिला-वैशाली भागने में सफल रहा था।
इस संदर्भ में देसरी (सहदेई) थाना में आर्म्स एक्ट एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम दर्ज कर घटना में शेष बचे एक बदमाश की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में विगत 12 वर्षों से फरार चल रहे अभियुक्त प्रमोद कुमार सिंह उर्फ प्रमोद कुमार कुशवाहा को ग्राम मजरोही, थाना-सहदेई से गिरफ्तार कर लिया गया है। विदित हो कि उक्त अपराधकर्मी के ऊपर उत्तर प्रदेश पुलिस के द्वारा पूर्व में पांच हजार रूपये से बढ़ाकर 20 हजार रूपये का इनाम घोषित किया गया है।
पिछले साल हुई थी कुर्की
उत्तर प्रदेश के मुगलसराय थाना कांड संख्या 43/15 न्यायालय के आदेशानुसार देसरी सहदेई थाना कांड संख्या 219/13 में आरोपी प्रमोद कुमार सिंह उर्फ प्रमोद कुमार कुशवाहा के यहां बीते 25 मई 17 को कुर्की जब्ती की कारवाई की गई थी एवं पुनः उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा मुगलसराय थाना कांड संख्या 43/15 में भी अभियुक्त के घर कुर्की जब्ती की कार्रवाई 22 दिसंबर 2016 को की गई थी।
उक्त बदमाश को वैशाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।गिरफ्तार बदमाश का अपराधिक इतिहास है। उसके विरुद्ध देसरी सहदेई थाना कांड संख्या 219/13 आर्म्स एक्ट एवं उत्तर प्रदेश के मुगलसराय थाना कांड संख्या 43/15 दर्ज है। अन्य अपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।
Report - rishav kumar