VAISHALI : जिले के भगवानपुर थाना अंतर्गत लालपुर गांधी मैदान पोखरा में 6 बच्चे सेल्फी लेने के दौरान डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। वहीँ घटना की जानकारी मिलते ही भगवानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से पोखर में डुबे प्रतापटांड़ शेरपुर निवासी गोपाल शाह के 15 वर्षीय पुत्र प्रियांशु कुमार एवं सरवन शाह के 17 वर्षीय पुत्र विकास कुमार को बाहर निकाला गया। परिवार वाले आनन-फानन में सभी को सदर अस्पताल ले आये। जहाँ डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। वहीँ गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार सभी बच्चे पोखर में सेल्फी लेने के लिए गए थे।
घटना के संबंध में भगवानपुर थाना अध्यक्ष शंभूनाथ ने बताया कि पोखर में आधा दर्जन बच्चे नाव पर चढ़कर सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान नाव डूब गया। दो बच्चे को बाहर निकाला गया। सदर अस्पताल में डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बाकी बच्चे की खोजबीन की जा रही है।
वैशाली से ऋषभ की रिपोर्ट