नीतीश सेतु लोकार्पण के बाद सरकारी बैनर-पोस्टर फाड़ने के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 उपद्रवी गिरफ्तार

नीतीश सेतु के लोकार्पण और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद वैशाली में सरकारी बैनर-पोस्टर फाड़ने और नारेबाजी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में विशेष टीम ने छापेमारी कर 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है...

नीतीश सेतु लोकार्पण के बाद सरकारी बैनर-पोस्टर फाड़ने के मामल
बैनर-पोस्टर फाड़ने के मामले में 10 उपद्रवी गिरफ्तार- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले में नीतीश सेतु के लोकार्पण और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की समाप्ति के बाद सरकारी बैनर-पोस्टर क्षतिग्रस्त करने तथा नारेबाजी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि 21 नवंबर 2026 को कार्यक्रम खत्म होने के बाद सिक्स लेन इलाके में करीब 150 से 200 लोगों की भीड़ ने कथित तौर पर नाजायज मजमा बनाकर सरकारी बैनर-पोस्टर फाड़ दिए और एक विशेष राजनीतिक दल के समर्थन में नारेबाजी की। घटना के बाद दंडाधिकारी के बयान पर रुस्तमपुर थाने में कांड संख्या 46/26 दर्ज कर विशेष टीम द्वारा छापेमारी की गई।


11 नामजद और 150 से 200 अज्ञात लोगों को बनाया गया आरोपी


पुलिस के अनुसार, दर्ज प्राथमिकी में 11 नामजद और 150 से 200 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। प्रारंभिक पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि सुनियोजित तरीके से सरकारी कार्य में बाधा डालने और कार्यक्रम की गरिमा भंग करने का प्रयास किया गया था, साथ ही मौके पर एक राजनीतिक दल के समर्थन में नारेबाजी भी की गई।


वैशाली और पटना जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं गिरफ्तार किए गए सभी 10 आरोपी

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विशेष टीम ने छापेमारी कर जिन 10 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है, उनमें धीरज कुमार राय, प्रमोद कुमार, गौतम कुमार उर्फ सुजीत कुमार, हरेराम राय, राहुल कुमार, रवि कुमार, विशाल कुमार, शिवम कुमार, अविनाश कुमार और सतेन्द्र राय शामिल हैं। ये सभी आरोपी वैशाली जिले के रुस्तमपुर व राघोपुर तथा पटना जिले के नदी और दीदारगंज थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।


गिरफ्तार आरोपी धीरज कुमार राय का रहा है पूर्व आपराधिक इतिहास

पुलिस जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पृष्ठभूमि खंगालने पर आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में शामिल धीरज कुमार राय के विरुद्ध पूर्व से ही शराब से जुड़े मामले के अलावा मारपीट का केस दर्ज है।


अन्य फरार व अज्ञात आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने स्पष्ट किया कि मामले में शामिल शेष नामजद और अज्ञात आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया लगातार जारी है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


रिषभ की रिपोर्ट