प्रशांत किशोर का बड़ा दावा : 'भाजपा को बांकीपुर में हराएंगे', भरत तिवारी एनकाउंटर और राम मंदिर चोरी पर कहे यह बड़ी बात
जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बिहार की सम्राट सरकार पर बड़ा हमला बोला है। वहीं उन्होंने दावा किया है कि बीजेपी के गढ़ बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में होने जा रहे उपचुनाव में भाजपा को पटखनी देंगे.......
Vaishali : जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) ने वैशाली जिले के हाजीपुर में आयोजित एक भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान बिहार की राजनीति और हालिया घटनाक्रमों को लेकर सम्राट सरकार पर तीखा हमला बोला है। संगठन की मजबूती को लेकर रामाशीष चौक स्थित आरडी पैलेस में आयोजित इस सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव, भरत तिवारी एनकाउंटर और राम मंदिर में हुई चोरी के मामले पर अपनी बेबाक प्रतिक्रिया देते हुए कई बड़े दावे किए।
'भाजपा को उसके गढ़ बांकीपुर में हराएगा जन सुराज'
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि जन सुराज पार्टी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उसके सबसे मजबूत गढ़ में भी पटखनी देने की पूरी क्षमता है। उन्होंने कहा कि इस बार जन सुराज बांकीपुर का चुनाव जीतकर भाजपा को उसके घर में ही हराने का काम करेगी। पीके के इस बयान के बाद बांकीपुर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
भरत तिवारी एनकाउंटर की न्यायिक जांच और गृह मंत्री पर निशाना
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर सम्राट चौधरी सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज न केवल भरत तिवारी, बल्कि सम्राट चौधरी के सरकार में आने के बाद हुए सभी एनकाउंटरों की न्यायिक जांच की मांग करता है। उन्होंने साफ कहा कि इस मामले में सिर्फ छोटे अधिकारियों पर कार्रवाई करने से काम नहीं चलेगा। जब तक जांच के दायरे में बिहार का गृह विभाग, गृह मंत्री और एसटीएफ (STF) की भूमिका को शामिल नहीं किया जाता, तब तक इस जांच का कोई वास्तविक मतलब नहीं है।
राम मंदिर चोरी और विपक्ष के रवैये पर प्रतिक्रिया
श्री राम मंदिर में हुए चोरी के मामले पर बोलते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि इस मुद्दे पर विपक्ष सड़क पर उतरे या न उतरे, लेकिन राम मंदिर से करोड़ों लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से आम जनता की भावनाएं आहत हुई हैं, इसलिए जो भी लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें समाज और वक्त सजा जरूर देगा।
पेंशन रोकने और चुनावी खर्च पर सरकार को घेरा
राज्य की आर्थिक स्थिति और विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि आज बिहार में लोगों को तीन-तीन महीने से पेंशन नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि यह बेहद स्वाभाविक है; क्योंकि जिस पैसे से बुजुर्गों को पेंशन मिलनी थी और जिससे सूबे में सड़कें बननी थीं, उस सरकारी पैसे का इस्तेमाल चुनाव में वोट खरीदने और अपनी सरकार बनाने व बचाने के लिए कर लिया गया है।
रिषभ की रिपोर्ट