दारोगा के स्कॉर्पियो से नवविवाहिता की हत्या कर शव मायके में फेंकनेवाला आरोपी पति पहुंचा सलाखों के पीछे, दरोगा भैसुर समेत 5 पहले ही काट रहे जेल की हवा
सोनपुर के सनसनीखेज सरिता प्रकाश हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी पति सत्येंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। 17 जनवरी की रात दरोगा संतोष रजक की स्कॉर्पियो से नवविवाहिता का शव उसके मायके के दरवाजे पर फेंक कर आरोपी फरार हो गए थे, जिसका वीडियो वायरल
Vaishali : सारण जिले के सोनपुर में नवविवाहिता सरिता प्रकाश की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी और मृतका के पति सत्येंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले ने तब तूल पकड़ा था जब हत्या के बाद शव को एक दरोगा की गाड़ी से मृतका के मायके के दरवाजे पर फेंक दिया गया था।
मुख्य आरोपी पति पुलिस की गिरफ्त में
सोनपुर के बहुचर्चित सरिता प्रकाश हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी पति सत्येंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। हरिहरनाथ थाना अध्यक्ष ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी से सघन पूछताछ की जा रही है। सत्येंद्र की गिरफ्तारी इस मामले में एक बड़ा मोड़ मानी जा रही है, जिससे हत्या के पीछे की असल साजिश का खुलासा होने की उम्मीद है।
दरोगा सहित पांच आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
इस मामले में पुलिस की कार्रवाई काफी तेज रही है। सरिता के पति से पहले पुलिस ने मृतका के भैसुर और बिहार पुलिस के एक दरोगा संतोष रजक समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी दरोगा संतोष रजक की ही थी, जिसका उपयोग शव को ठिकाने लगाने के लिए किया गया था।
दरवाजे पर शव फेंकने का वीडियो हुआ था वायरल
गौरतलब हो कि बीते 17 जनवरी की मध्य रात्रि को करताहा बुजुर्ग निवासी सरिता प्रकाश की हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए सोनपुर के चिड़िया बाजार स्थित मृतका के मायके के दरवाजे पर शव फेंक दिया था। स्कॉर्पियो से शव फेंकने की यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
एसआईटी (SIT) कर रही है मामले की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोनपुर के अपर पुलिस अधीक्षक प्रीतीश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। मृतका के पिता ने पति सत्येंद्र कुमार सहित पांच नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एसआईटी की तकनीकी जांच और छापेमारी के दबाव के कारण ही मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी है।
बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
हरिहरनाथ थाना अध्यक्ष ने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड के सभी पहलुओं को सुलझा लिया जाएगा और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
रिपोर्ट - रिषभ कुमार