Bihar Crime: पुलिसिया अंदाज़ में घेराबंदी कर दवा कारोबारी से दिनदहाड़े लूट, CCTV में कैद हुई वारदात

Bihar Crime: दवा व्यवसायी को अपराधियों ने निशाना बना लिया। बदमाशों ने पुलिसिया अंदाज़ में घेराबंदी कर करीब एक लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया......पढ़िए आगे

Bihar Crime: पुलिसिया अंदाज़ में घेराबंदी कर दवा कारोबारी से
दवा कारोबारी से लूट - फोटो : SOCIAL MEDIA

Vaishali : बिहार के महनार बाजार में बीती रात खौफ का साया उस वक्त गहरा गया जब एक नामचीन दवा व्यवसायी को अपराधियों ने निशाना बना लिया। बदमाशों ने पुलिसिया अंदाज़ में घेराबंदी कर करीब एक लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

जानकारी के मुताबिक, एजी फार्मा के मालिक अविनाश कुमार रोज़ की तरह अपनी दुकान बंद कर पैदल घर लौट रहे थे। बाजार का इलाका अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है, लेकिन घात लगाए बैठे दो बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें बीच रास्ते रोक लिया। चश्मदीदों के अनुसार, बदमाशों ने पहले खुद को पुलिसकर्मी जैसा दर्शाया सख्त लहजे में रोककर तलाशी लेने लगे। अविनाश कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हथियार का भय दिखाकर उनके बैग में रखी रकम निकाल ली गई।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखता है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देते हैं। पहले रास्ता रोकते हैं, फिर जेब और बैग की तलाशी लेते हैं और नकदी लेकर फरार हो जाते हैं। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में घटित हो गई, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों की नाकेबंदी की गई। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक अपराधियों ने चेहरा आंशिक रूप से ढंका हुआ था, जिससे पहचान में दिक्कत आ रही है।

इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। सवाल उठ रहा है कि जब सुरक्षित माने जाने वाले बाजार में इस तरह की दुस्साहसी लूट हो सकती है, तो आम नागरिक कितना सुरक्षित है? पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार