भीड़तंत्र का तांडव -बहन के घर आया था भाई, भीड़ की सनक ने पहुँचाया अस्पताल के बेड पर; रोंगटे खड़े कर देने वाली दास्तां

'भीड़तंत्र' का एक और खौफनाक चेहरा सामने आया है। महुआ थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर सलखन्नी में बच्चा चोरी की अफवाह के बाद एक सीधे-सादे युवक को भीड़ ने बेरहमी से पीटा। अपनी बहन के घर आए युवक को तब निशाना बनाया गया जब वह सुबह शौच के लिए निकला था।

भीड़तंत्र का तांडव -बहन के घर आया था भाई, भीड़ की सनक ने पहुँ

Vaishali - वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र से मॉब लिंचिंग की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ 'भीड़तंत्र' ने एक मासूम व्यक्ति को अपनी बर्बरता का शिकार बनाया। जहांगीरपुर सलखन्नी गांव में बच्चा चोरी के झूठे आरोप में एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।  

बच्चा चोरी के शक में अधमरा होने तक पीटा

जहांगीरपुर सलखन्नी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को संदिग्ध मानकर 'बच्चा चोर' होने का शोर मचा दिया। देखते ही देखते सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई और लात-घूसों व डंडों से उस व्यक्ति पर हमला बोल दिया। भीड़ ने उसे तब तक पीटा जब तक वह बेहोश होकर गिर नहीं गया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर बड़ी मशक्कत के बाद उसे भीड़ के चंगुल से छुड़ाया, जहाँ आक्रोशित लोगों ने पुलिस के साथ भी दुर्व्यवहार किया। 

परिजनों का छलका दर्द: "शौच के लिए गया था मेरा भाई"

अस्पताल में भर्ती घायल की पहचान चेहराकलां निवासी रमिंदर कुमार राम के रूप में हुई है। उनके भाई संजय ने बताया कि रमिंदर अपनी बहन के घर सलखन्नी गया हुआ था। भाई संजय ने बताया कि "मेरा भाई बहुत सीधा और ईमानदार है। वह सुबह घर से कुछ दूरी पर शौच के लिए गया था, तभी लोगों ने बच्चा चोर का आरोप लगाकर उसे घेर लिया और जान मारने की नीयत से पीटना शुरू कर दिया। अगर प्रशासन समय पर नहीं पहुँचता, तो भीड़ ने उसे मार ही डाला होता। 

पुलिस की कार्रवाई और कड़ी चेतावनी

महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि घायल व्यक्ति को चिंताजनक स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चा चोरी की अफवाह फैलाकर कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस वीडियो फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

रिपोर्ट - रिषभ कुमार