Amazon Layoffs: अमेजन की छंटनी से भारतीय कर्मचारियों को झटका, रिटेल और कस्टमर सर्विस टीम पर असर

Amazon Layoffs: अमेजन ने दुनिया भर में 1,000 से कम कर्मचारियों की छंटनी की है। भारत, अमेरिका और ब्रिटेन के कर्मचारी प्रभावित हुए हैं।

Amazon Layoffs

Amazon Layoffs: महंगाई और नौकरियों में कटौती के बीच ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी की है। इस बार दुनिया भर में कंपनी के 1,000 से कम कर्मचारियों की नौकरियों पर असर पड़ा है। कंपनी ने 7 अक्टूबर को छंटनी की पुष्टि की। अमेरिका, भारत और ब्रिटेन में काम करने वाले कर्मचारी इससे प्रभावित हुए हैं। हालांकि, भारत में कितने कर्मचारियों की नौकरी गई है, इसका अलग आंकड़ा सामने नहीं आया है।  


अमेजन के किस विभाग में हुई छंटनी?


इस बार छंटनी का सबसे ज्यादा असर अमेजन के स्टोर्स बिजनेस पर पड़ा है। यह विभाग कंपनी की मुख्य ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट का काम संभालता है। रिपोर्टों के मुताबिक, कस्टमर सर्विस, सेलिंग पार्टनर सर्विसेज, मार्केटप्लेस सपोर्ट और रिटेल इंजीनियरिंग से जुड़े कुछ कर्मचारी भी प्रभावित हुए हैं।   कंपनी ने भारत में छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों की संख्या सार्वजनिक नहीं की है। इसलिए यह साफ नहीं है कि देश में कुल कितने लोगों की नौकरी गई है।


क्यों कर्मचारियों की छंटनी कर रही है कंपनी?


अमेजन के प्रवक्ता के मुताबिक, कंपनी ने अपने स्टोर्स बिजनेस के कुछ हिस्सों के ढांचे में बदलाव किया है। कंपनी का कहना है कि नए ढांचे से वह अपनी प्राथमिकताओं पर बेहतर तरीके से काम कर सकेगी।   अमेजन के संस्थापक और कार्यकारी अध्यक्ष जेफ बेजोस ने भी हाल में कहा कि कोरोना महामारी के दौरान ऑनलाइन खरीदारी बढ़ने पर कंपनी ने जरूरत से ज्यादा लोगों को नौकरी पर रखा था। इसके बाद कंपनी अपने कर्मचारियों और कामकाज के ढांचे में बदलाव कर रही है।  


पहले भी हजारों कर्मचारियों की गई थी नौकरी


अमेजन में यह छंटनी ऐसे समय हुई है, जब कंपनी पहले ही बड़े स्तर पर कर्मचारियों की संख्या घटा चुकी है। पिछले साल शुरू हुई छंटनी की प्रक्रिया के तहत कंपनी ने करीब 30,000 कॉरपोरेट नौकरियों में कटौती की थी। यह प्रक्रिया जनवरी 2026 तक जारी रही।  नई छंटनी से भारत समेत कई देशों में काम करने वाले कर्मचारियों पर असर पड़ा है। हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया है कि आगे और कितनी नौकरियां कम की जा सकती हैं।