Bank Holidays: 11 से 17 मई 2026 के बीच बैंक कितने दिन बंद रहेंगे? जानिए RBI की बैंक हॉलिडे लिस्ट

Bank Holidays: 11 से 17 मई 2026 के बीच बैंक कितने दिन बंद रहेंगे? जानिए RBI की बैंक हॉलिडे लिस्ट, रविवार और मई महीने की बाकी छुट्टियों की पूरी जानकारी।

Bank Holidays
RBI की बैंक हॉलिडे लिस्ट- फोटो : freepik

Bank Holidays: अगर आपको अगले हफ्ते बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है, तो पहले बैंक की छुट्टियों की जानकारी जरूर देख लें। भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI के कैलेंडर के मुताबिक 11 मई से 17 मई 2026 के बीच पूरे देश में बैंक सिर्फ एक दिन बंद रहेंगे। ऐसे में लोगों को बैंकिंग काम निपटाने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी।

अगले हफ्ते 17 मई, रविवार को देशभर के सभी सरकारी और निजी बैंक बंद रहेंगे। यह साप्ताहिक छुट्टी है। इसके अलावा 16 मई को महीने का तीसरा शनिवार है, इसलिए इस दिन बैंक खुले रहेंगे। बता दें कि भारत में बैंक केवल दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं।

मई में कब होगी बैंक की छुट्टियां

मई 2026 में आगे आने वाली बैंक छुट्टियों की बात करें तो 23 मई को चौथे शनिवार के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 24 मई को रविवार की छुट्टी होगी। वहीं 27 मई को बकरीद यानी ईद-उल-अजहा के मौके पर देश के कई हिस्सों में बैंक बंद रह सकते हैं। 31 मई को रविवार होने की वजह से फिर से बैंक बंद रहेंगे।

ग्राहकों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी

हालांकि बैंक बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी क्योंकि ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं लगातार चालू रहेंगी। लोग UPI, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग के जरिए कभी भी पैसे भेज और मंगा सकते हैं। गूगल पे, फोन पे और बैंकिंग ऐप्स की सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा कैश निकालने के लिए ATM भी चालू रहेंगे। NEFT, RTGS और IMPS जैसी सेवाओं का इस्तेमाल भी मोबाइल बैंकिंग के जरिए किया जा सकेगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि कुछ राज्यों में स्थानीय त्योहारों के कारण बैंक छुट्टियां अलग हो सकती हैं। इसलिए बैंक जाने से पहले अपनी बैंक शाखा या बैंक की वेबसाइट पर छुट्टियों की सूची जरूर देख लें।