31 मार्च की आखिरी चेतावनी, हिसाब-किताब के परीक्षा का अंतिम दिन, आज इस काम से चूके तो जेब पर पड़ेगा सीधा असर

आज 31 मार्च 2026,वित्त वर्ष 2025-26 का आख़िरी दिन। ये सिर्फ़ एक तारीख़ नहीं, बल्कि आपकी माली सेहत का इम्तिहान है।

March 31 Final Warning Miss This Today Your Money Takes a Hi
हिसाब-किताब के परीक्षा का अंतिम दिन- फोटो : X

आज 31 मार्च 2026,वित्त वर्ष 2025-26 का आख़िरी दिन। ये सिर्फ़ एक तारीख़ नहीं, बल्कि आपकी माली सेहत का इम्तिहान है। अगर आज आपने अपने अधूरे काम पूरे नहीं किए, तो कल से टैक्स, ब्याज और पेनल्टी का बोझ आपके सर पर आ सकता है। ऐसे में समझदारी इसी में है कि हर ज़रूरी कदम आज ही उठा लिया जाए। सबसे अहम मसला है एडवांस टैक्स। अगर आपकी कुल टैक्स देनदारी 10,000 रुपये से ज़्यादा है, तो साल के दौरान इसे जमा करना लाज़िमी होता है। कई लोग इस हक़ीक़त से बेख़बर रहते हैं या इसे नज़रअंदाज़ कर देते हैं। नतीजा ब्याज का बोझ। अगर आपने अब तक एडवांस टैक्स नहीं चुकाया, तो आज ही अपना हिसाब-किताब करें और बकाया रकम अदा कर दें, वरना आने वाले दिनों में आपको अतिरिक्त ब्याज देना पड़ सकता है।

पुराने टैक्स सिस्टम में रहने वालों के लिए अभी भी राहत का दरवाज़ा खुला है। PPF, ELSS, NSC, लाइफ इंश्योरेंस और टैक्स सेविंग FD जैसी स्कीम्स में निवेश कर आप अपनी टैक्स देनदारी कम कर सकते हैं। NPS में अतिरिक्त निवेश और हेल्थ इंश्योरेंस का प्रीमियम भी आपको राहत दिला सकता है। ये मौक़ा हाथ से निकल गया, तो फिर पछतावे के सिवा कुछ नहीं बचेगा।

बिजनेस करने वालों के लिए भी ये दिन बेहद अहम है। अगर आपने छोटे और मझोले उद्योगों से ली गई सेवाओं या सामान का भुगतान समय पर नहीं किया, तो आपको टैक्स में उस खर्च का फायदा नहीं मिलेगा। यानी टैक्स का बोझ और बढ़ सकता है। इसलिए अपने सभी बकाया भुगतान आज ही साफ़ करें।

इसके साथ ही अपने निवेश का पूरा जायज़ा लें शेयर और म्यूचुअल फंड में हुए मुनाफे और नुकसान को समझें। समझदारी से नुकसान को एडजस्ट कर आप टैक्स बचा सकते हैं।

PPF या सुकन्या समृद्धि खाते में न्यूनतम राशि जमा करना भी न भूलें, वरना खाता निष्क्रिय हो सकता है। और अगर आपने नौकरी बदली है, तो अपने नए दफ्तर को पुरानी सैलरी की जानकारी देना बेहद जरूरी है, वरना ITR के वक्त भारी टैक्स चुकाना पड़ सकता है।आज की ये आख़िरी घड़ी आपकी फाइनेंशियल तकदीर लिख सकती है।