Today Petrol-Disel Rate: पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी! जानें मुंबई से पटना तक आज क्या है कीमत
Today Petrol-Disel Rate: पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 13 मई 2026 को कोई बदलाव नहीं हुआ। जानें देश के बड़े शहरों में ताजा रेट।
Today Petrol-Disel Rate: देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर लोगों की चिंता लगातार बढ़ रही है। हैदराबाद में रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन और खाने के तेल का इस्तेमाल समझदारी से करने की अपील की थी। इसके साथ ही उन्होंने अगले एक साल तक सोना खरीदने से बचने की भी सलाह दी थी। इसके बाद से लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि आने वाले समय में ईंधन की कीमतें बढ़ सकती हैं।
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब वैश्विक बाजारों में साफ दिखाई दे रहा है। रणनीतिक रूप से बेहद अहम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज सहित कई समुद्री रास्तों पर असर पड़ा है। इससे कच्चे तेल और एलपीजी की सप्लाई प्रभावित हो रही है। यही वजह है कि दुनियाभर के तेल बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव
हालांकि इन हालात के बावजूद आज 13 मई 2026 को देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बुधवार को भी तेल कंपनियों ने पुराने दाम ही जारी रखे हैं। देश की तेल विपणन कंपनियां यानी इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) हर दिन सुबह करीब 6 बजे पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें जारी करती हैं। यह कीमतें अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल के दाम और डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति को देखकर तय की जाती हैं।
तेल कंपनियों पर भारी दबाव
रिपोर्ट के अनुसार सरकारी तेल कंपनियां इस समय भारी आर्थिक दबाव में हैं। बताया जा रहा है कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी की बिक्री पर कंपनियों को हर दिन करीब 1000 करोड़ से 1700 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो रहा है। अनुमान के मुताबिक तेल कंपनियों को पेट्रोल पर करीब 14 रुपये प्रति लीटर, डीजल पर 42 रुपये प्रति लीटर और घरेलू गैस सिलेंडर पर लगभग 674 रुपये प्रति सिलेंडर का घाटा उठाना पड़ रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में कीमतों को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है, हालांकि फिलहाल सरकार या तेल कंपनियों की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
आज देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें इस प्रकार हैं:
दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
मुंबई में पेट्रोल 103.54 रुपये और डीजल 90.03 रुपये प्रति लीटर है।
चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 100.80 रुपये और डीजल 92.39 रुपये प्रति लीटर है।
कोलकाता में पेट्रोल 105.45 रुपये और डीजल 92.02 रुपये प्रति लीटर है।
पटना में पेट्रोल 105.18 रुपये और डीजल 92.04 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
जयपुर में पेट्रोल 104.88 रुपये और डीजल 90.36 रुपये प्रति लीटर है।
लखनऊ में पेट्रोल 94.65 रुपये और डीजल 87.76 रुपये प्रति लीटर है।
भुवनेश्वर में पेट्रोल 101.10 रुपये और डीजल 92.69 रुपये प्रति लीटर है।
भोपाल में पेट्रोल 106.52 रुपये और डीजल 91.89 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
वैश्विक हालात को देखते हुए आने वाले दिनों में तेल की कीमतों पर सबकी नजर बनी हुई है। फिलहाल आम लोगों को राहत यह है कि आज पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।