DA Hike: सरकारी कर्मचारियों-पेंशनर्स को बड़ा तोहफा, DA-DR बढ़ा; जानें नई दरें
DA Hike: सिक्किम सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के DA और DR में बढ़ोतरी की है। जानें नई दरें, लागू होने की तारीख और AIS अधिकारियों को मिलने वाला लाभ।
DA Hike: सिक्किम सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का तोहफा दिया है। वित्त विभाग की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक नई दरें 1 जनवरी से लागू मानी जाएंगी।
सरकार के इस फैसले से पुराने और नए पे स्ट्रक्चर के तहत वेतन या पेंशन पाने वाले कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा मिलेगा। सिक्किम सरकार ने केंद्र की ओर से किए गए DA और DR संशोधन के अनुसार राज्य में भी बढ़ोतरी की है। अगस्त 2026 में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने जनवरी से जून 2026 की अवधि के लिए 2% DA और DR बढ़ाने की घोषणा की थी।
पुराने पे स्ट्रक्चर वालों का DA-DR 262 प्रतिशत
वित्त विभाग के सर्कुलर के अनुसार पुराने बेसिक पे स्ट्रक्चर के तहत वेतन या पेंशन पाने वाले कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए DA और DR की दर 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत कर दी गई है। नए बेसिक पे स्ट्रक्चर के तहत वेतन या पेंशन पाने वालों के लिए DA और DR 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गया है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर कर्मचारियों की महंगाई भत्ते की राशि और पेंशनर्स की महंगाई राहत पर पड़ेगा। वास्तविक बढ़ोतरी कर्मचारी या पेंशनर के बेसिक पे या पेंशन के हिसाब से अलग-अलग होगी।
कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ
सरकार के आदेश में कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है। राज्य सरकार के रेगुलर पे स्केल के तहत नया वेतन पाने वाले कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों और वर्क-चार्ज्ड एस्टेब्लिशमेंट के कर्मचारियों को भी बढ़ी हुई DA दर का लाभ मिलेगा। इससे उन कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी जो नियमित सरकारी कर्मचारी नहीं हैं, लेकिन राज्य सरकार के तय पे स्केल के तहत वेतन ले रहे हैं।
AIS अधिकारियों के DA में भी बढ़ोतरी
सिक्किम सरकार ने ऑल इंडिया सर्विस यानी AIS अधिकारियों के DA में भी बदलाव किया है। छठे केंद्रीय वेतन आयोग के पुराने पे बैंड और ग्रेड पे सिस्टम के तहत वेतन पाने वाले AIS अधिकारियों के लिए DA 257 प्रतिशत से बढ़कर 262 प्रतिशत हो गया है। वहीं, सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के नए बेसिक पे स्ट्रक्चर के तहत वेतन पाने वाले AIS अधिकारियों के लिए DA 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत किया गया है। यह बढ़ोतरी भी 1 जनवरी से लागू होगी।
पैसे को इस तरह किया जाएगा राउंड ऑफ
सर्कुलर में बढ़ी हुई राशि के भुगतान के लिए राउंड-ऑफ का नियम भी बताया गया है। अगर किसी रकम में 50 पैसे या उससे ज्यादा का हिस्सा होगा तो उसे अगले पूरे रुपये में बदल दिया जाएगा। वहीं 50 पैसे से कम का हिस्सा होने पर उसे हटा दिया जाएगा। सिक्किम सरकार के इस फैसले से राज्य के कर्मचारियों और पेंशनर्स को बढ़ती महंगाई के बीच अतिरिक्त आर्थिक राहत मिलेगी। राज्य सरकार पहले भी केंद्र की DA बढ़ोतरी के अनुरूप अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स के DA और DR में बदलाव करती रही है।