अश्लील मैसेज भेजने वाले प्रोफेसर को मंगेतर के साथ कॉलेज पहुचकर युवती ने सरेआम कूटा, वीडियो वायरल

एक चौंकाने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। यहाँ पदस्थ प्रोफेसर रेमन भार्गव पर पड़ोस की एक युवती ने पिछले 1.5 साल से वॉट्सऐप और टेलीग्राम पर अश्लील मैसेज भेजने और संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगाया है।

professor beaten by girl for obscene messages
अश्लील मैसेज भेजने वाले प्रोफेसर को सरेआम कूटा- फोटो : Social Media

एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शासकीय महाविद्यालय के एक प्रोफेसर को पड़ोस में रहने वाली युवती ने कॉलेज परिसर में ही जमकर पीट दिया। आरोपी प्रोफेसर पर पिछले डेढ़ साल से युवती को अश्लील मैसेज भेजने और शारीरिक संबंध बनाने के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है। युवती की शादी होने वाली थी और प्रोफेसर की लगातार बढ़ती हरकतों से तंग आकर उसने कानून हाथ में लेने का फैसला किया। इस दौरान कॉलेज में मचे हंगामे और पिटाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


वॉट्सऐप और टेलीग्राम पर अश्लील मैसेज भेजने का आरोप

यह पूरा मामला छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के शासकीय महाविद्यालय कुंजारा का है। यहां पदस्थ प्रोफेसर रेमन भार्गव पर उनके पड़ोस में रहने वाली एक युवती ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि प्रोफेसर रेमन भार्गव पिछले करीब डेढ़ साल से लगातार उसके वॉट्सऐप और टेलीग्राम पर आपत्तिजनक और गंदे मैसेजेस भेज रहे थे। इतना ही नहीं, आरोपी प्रोफेसर उस पर जबरदस्ती बात करने और गलत काम (शारीरिक संबंध) के लिए लगातार दबाव बना रहा था, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में थी।


होने वाले पति के साथ कॉलेज पहुंची युवती, पत्नी मांगती रही माफी

प्रोफेसर की रोज-रोज की प्रताड़ना से नाराज युवती अपने होने वाले पति के साथ सीधे कॉलेज परिसर पहुंच गई। वहां आरोपी प्रोफेसर को देखते ही दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। गुस्से से लाल युवती ने सबके सामने प्रोफेसर को थप्पड़ और चप्पल जड़ दिए। युवती चिल्लाते हुए कह रही थी, "तुम्हारे घर को मैं पूरी तरह नोंच कर रख दूंगी। मैं शादी करने वाली हूं और तुम मुझे लूटोगे।" इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान आरोपी प्रोफेसर की पत्नी भी वहां मौजूद थी, जो अपने पति की करतूतों पर युवती के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगती नजर आई।


पीड़ित लड़कियों से साथ आने की अपील, थाने में हुआ समझौता

घटना के बाद पीड़ित युवती ने समाज की अन्य लड़कियों से भी आगे आने की अपील की है। उसने कहा, "मेरे जैसी मानसिक प्रताड़ना झेल चुकी अन्य लड़कियां भी मेरे सपोर्ट में आएं, ताकि इस लड़ाई को आगे जारी रखा जा सके और ऐसे प्रोफेसर को जेल भेजा जा सके।" इस पूरे मामले पर लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि युवती ने थाने में प्रोफेसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, बाद में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया, जिसके कारण मामले में आगे कोई दंडात्मक या कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।