चलती आटो से महिला को खींचकर अपराधियों ने उतारा , कर दिया गोलियों से छलनी, सड़क पर खूनी खेल से अरवल में सनसनी
Bihar Crime News: अरवल जिले में अपराधियों ने खुलेआम खूनी खेल खेलकर सनसनी फैला दी।...
Bihar Crime News: अरवल जिले में अपराधियों ने खुलेआम खूनी खेल खेलकर सनसनी फैला दी। शुक्रवार देर रात करपी थाना क्षेत्र के बाजितपुर मोड़ के पास जहानाबाद-अरवल मुख्य मार्ग पर बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक महिला को ऑटो से जबरन नीचे खींच लिया और गोलियां बरसा कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के वक्त महिला के साथ उसका पति और बेटा भी मौजूद थे। अचानक हुई इस गोलीबारी से सड़क पर अफरातफरी मच गई। मृतका की पहचान 28 वर्षीय शोभा कुमारी के रूप में हुई है। वह जहानाबाद के चिरारीबीघा की रहने वाली बताई गई है। जानकारी के मुताबिक शोभा अपने दूसरे पति पप्पू कुमार के साथ अरवल न्यायालय में एक मामले में गवाही देने गई थी। अदालत की कार्यवाही पूरी होने के बाद दोनों ऑटो से जहानाबाद की ओर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही ऑटो बाजितपुर मोड़ के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने रास्ता रोक दिया। बदमाशों ने ऑटो को रुकवाया और सीधे शोभा को निशाना बनाया। आरोप है कि हथियारबंद अपराधियों ने महिला को ऑटो से खींचकर नीचे उतारा और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमला इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
गोली लगते ही शोभा सड़क पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी जान चली गई। उनके पति पप्पू कुमार बाल-बाल बच गए। घटना के बाद हमलावर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। वारदात की खबर मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी।
सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार के मुताबिक महिला के शरीर पर चार गोलियों के निशान मिले हैं। हालांकि उन्होंने साफ किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वास्तव में कितनी गोलियां लगी थीं और मौत का सही कारण क्या था।महिला की दूसरी शादी और अदालत में गवाही देने के बाद लौटते समय हत्या ने मामले को और पेचीदा बना दिया है। पुलिस अब पुराने विवाद, पारिवारिक रंजिश और गवाही से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फिलहाल हत्यारों का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ अपराधियों की पहचान और धरपकड़ में जुटी है। बाजितपुर की सड़क पर हुई इस हत्या ने एक बार फिर अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस की तस्वीर सामने ला दी है।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार