Bihar Crime: डाक पार्सल के नाम पर शराब की खेप पकड़ाई, दो तस्कर गिरफ्तार

Bihar Crime: शराबबंदी वाले बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ बांका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

Banka 2 574 Litres Liquor Seized Two Smugglers Arrested
डाक पार्सल के नाम पर शराब की खेप प- फोटो : reporter

Bihar Crime: बांका शराबबंदी वाले बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ बांका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पंजवारा थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान ‘डाक पार्सल’ लिखी महिंद्रा पिकअप बोलेरो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने वाहन की तलाशी में 2,574.72 लीटर विदेशी शराब जब्त करते हुए दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एसपी अमितेश कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान हुई।

थाने के सामने जांच में खुला शराब का राज

पुलिस के मुताबिक पंजवारा थाना के सामने वाहनों की जांच चल रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की महिंद्रा पिकअप बोलेरो BR01GR2545 वहां पहुंची। वाहन पर ‘डाक पार्सल’ लिखा हुआ था। पुलिस को वाहन की गतिविधियों पर संदेह हुआ और उसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बोलेरो के अंदर छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

298 कार्टन में मिले 14,304 टेट्रा पैक

पुलिस ने बताया कि पिकअप से Officers Choice Original Whisky के 298 कार्टन बरामद किए गए। इन कार्टनों में 180 एमएल के कुल 14,304 टेट्रा पैक थे। बरामद शराब की कुल मात्रा 2,574.72 लीटर बताई गई है। शराब के साथ पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया।

पटना और गया के रहने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने वाहन चालक विमलेश कुमार, पिता बिरजा प्रसाद, निवासी रेवान, थाना मसौढ़ी, पटना और उपचालक दुर्गेश कुमार, पिता अमर कुमार, निवासी गराड़ी मठिया, थाना कोच, गया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विमलेश कुमार के पास से एक Realme टचस्क्रीन मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

कहां से आई खेप, किसे होनी थी डिलीवरी?

पूरे मामले की जानकारी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। पंजवारा थाना में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस ठिकाने पर पहुंचाया जाना था। पुलिस तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी छानबीन कर रही है।कार्रवाई में थानाध्यक्ष चंदन कुमार, पु०अ०नि० सतीश कुमार, पु०अ०नि० लाल मोहन शर्मा, रोहित कुमार, मुकेश कुमार और रितेश कुमार शामिल रहे।

चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट