Bihar Crime: सुनसान रास्ते पर पत्नी की चाकू घोंप कर हत्या, भाग रहा पति ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा

Bihar Crime:एक पति पर अपनी पत्नी की चाकू से हमला कर हत्या करने का आरोप है।

Banka Woman Killed With Knife Husband Held by Villagers
पत्नी की चाकू से हत्या- फोटो : reporter

Bihar Crime: बांका जिले के रजौन प्रखंड में रविवार की रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र में एक पति पर अपनी पत्नी की चाकू से हमला कर हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद मौके से भाग रहे आरोपी पति को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान धनियागड़िया निवासी प्रमोद दास की करीब 30 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रविवार शाम प्रमोद दास किसी काम का बहाना बनाकर पत्नी रिंकू देवी को धनियागड़िया ले जा रहा था। इसी दौरान हरना प्रशाखा नहर मार्ग पर सुनसान जगह पहुंचने के बाद कथित तौर पर उसने पत्नी के गले पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल रिंकू देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख आरोपी कथित तौर पर वहां से भागने लगा। इसके बाद ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। बाद में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही नवादा बाजार सहायक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन की। वहीं, बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर वारदात की जानकारी ली।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। रिंकू देवी का मायका शंभूगंज प्रखंड के कुर्मा गांव में बताया गया है। पिता कारू दास सहित अन्य परिजनों के पहुंचते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपी पति से पूछताछ की जा रही है और पुलिस हत्या के कारणों तथा वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी तरह का विवाद हुआ था या हत्या के पीछे कोई अन्य वजह थी।फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट