बेगूसराय कस्तूरबा विद्यालय वार्डन हत्याकांड में आईजी विकास वैभव का बड़ा खुलासा, हत्या की पुष्टि, दो आरोपी गिरफ्तार
आईजी विकास वैभव के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या और हत्या के बीच उलझा हुआ था। हालांकि, विस्तृत जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद यह स्पष्ट हो गया कि वार्डन रिंकू की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई थी।
Bihar News : बेगूसराय जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन रिंकू की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कई दिनों से हत्या और आत्महत्या को लेकर चल रही अटकलों के बीच पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है। गया प्रक्षेत्र के आईजी विकास वैभव ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी साझा करते हुए बताया कि वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची है।
आईजी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट, तकनीकी विश्लेषण और संदिग्धों से गहन पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग मिले। इन्हीं के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर घटना से जुड़े अहम साक्ष्य भी बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या और हत्या के बीच उलझा हुआ था। हालांकि, विस्तृत जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद यह स्पष्ट हो गया कि वार्डन रिंकू की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई थी। आईजी विकास वैभव ने कहा कि पुलिस ने कम समय में मामले का सफलतापूर्वक उद्भेदन करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह, साजिश और इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रिंकू हत्याकांड के खुलासे के बाद मृतका के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई और शीघ्र न्याय की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट