Bihar Crime: धमाके से दहला बेतिया, मोमोज ठेले के पास जोरदार ब्लास्ट, कौन हैं वे 3 स्कूटी सवार संदिग्ध

Bihar Crime: बेतिया में फुटपाथ पर लगे मोमोज के ठेले के समीप धमाका होने से आसपास मौजूद लोग सहम गए। तेज आवाज सुनकर कुछ ही देर में चौक पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

Bettiah Blast Rocks Belbag Chowk Police Probe Three Suspects
धमाके से दहला बेतिया- फोटो : reporter

Bihar Crime: बेतिया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलबाग चौक पर 15 अगस्त की देर रात करीब 10 बजे अचानक हुए जोरदार धमाके से अफरातफरी मच गई। मिष्ठान प्रतिष्ठान के पास फुटपाथ पर लगे मोमोज के ठेले के समीप धमाका होने से आसपास मौजूद लोग सहम गए। तेज आवाज सुनकर कुछ ही देर में चौक पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मुफस्सिल थानाध्यक्ष सम्राट सिंह, अपर थानाध्यक्ष कंचन भास्कर और नगर थानाध्यक्ष धीरज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने धमाके वाली जगह और आसपास बिखरे अवशेषों की बारीकी से जांच की और जरूरी नमूने एकत्र किए। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मोमोज के ठेले के पास रखा डस्टबिन भी चकनाचूर हो गया।

पुलिस की शुरुआती जांच में तीन संदिग्ध युवकों के स्कूटी से घटनास्थल के पास पहुंचने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवकों ने सड़क के पश्चिमी छोर पर स्कूटी खड़ी की थी। इसके बाद पुलिस उनकी गतिविधियों को लेकर पड़ताल कर रही है।हालांकि, शुरुआती जांच में तेज आवाज वाले पटाखे के इस्तेमाल की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। धमाके की असली वजह क्या थी और इसमें संदिग्ध युवकों की कोई भूमिका थी या नहीं, यह एफएसएल रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही साफ होगा।

घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक दहशत का माहौल रहा। पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार