भागलपुर में धर्म परिवर्तन के आरोप से हड़कंप, ग्रामीणों ने मुखिया से लगाई रोक की गुहार
Bihar Crime:भागलपुर में कथित तौर पर धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है।...
Bhagalpur: तिनटंगा करारी गांव में कथित तौर पर धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। इसको लेकर कुछ ग्रामीणों ने ग्राम मुखिया एवं ग्राम कचहरी के प्रतिनिधि को लिखित आवेदन देकर मामले में हस्तक्षेप करने और धर्म परिवर्तन की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि गांव में धर्म परिवर्तन का काम तेजी से चल रहा है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रभावित कर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने इस मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन एवं पंचायत स्तर पर जांच कराने की मांग की है।
आवेदन में ग्रामीणों ने कहा है कि यदि समय रहते इस मामले पर ध्यान नहीं दिया गया तो स्थिति गंभीर हो सकती है। उन्होंने ग्राम मुखिया से आग्रह किया है कि ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराकर धर्म परिवर्तन की कथित गतिविधियों पर रोक लगाने की पहल की जाए।
आवेदन पर कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं। हालांकि, धर्म परिवर्तन के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट- बालमुकुंद कुमार