Bihar Crime: थाने से गोलियां गायब, रसोइया निकला कारतूस चोर, स्मैक के नशे में बेच डाले 35 कारतूस
Bihar Crime: बिहार में उस वक्त हड़कंप मच गया जब थाना परिसर से हथियारों के कारतूस और मैगजीन चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया। ...
Bihar Crime: बिहार में उस वक्त हड़कंप मच गया जब थाना परिसर से हथियारों के कारतूस और मैगजीन चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया। हैरानी की बात यह रही कि चोरी किसी बाहरी बदमाश ने नहीं बल्कि थाना में ही आने-जाने वाला एक शख्स निकला। भागलपुर के नवगछिया पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए थाना के निजी रसोइया समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए दो मैगजीन और 35 कारतूस भी बरामद कर लिए गए हैं।
मामले की शुरुआत तब हुई जब भवानीपुर थाना में तैनात रिजर्व गार्ड दिलीप कुमार यादव 22 फरवरी को दस दिन की छुट्टी पर घर चले गए थे। 7 मार्च की सुबह करीब 7:35 बजे जब वह वापस ड्यूटी पर लौटे और अपने हथियारों की जांच की, तो 9 एमएम कारबाइन तो सुरक्षित मिली, लेकिन उसके बैग में रखे दो मैगजीन और 35 कारतूस गायब थे। यह देख उनके होश उड़ गए और तुरंत थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
शुरुआती जांच में पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में जो सच सामने आया, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। जांच के दौरान पता चला कि थाना में करीब आठ वर्षों से रसोइया के रूप में काम कर रहे नारायणपुर चकरामी निवासी कमल किशोर मालाकार का पुत्र राजन कुमार ही इस चोरी का मास्टरमाइंड है।
बताया जा रहा है कि राजन कुमार को थाना परिसर में आने-जाने की पूरी छूट थी, जिसका उसने फायदा उठाया और रिजर्व गार्ड के आर्म्स बैग से मैगजीन और कारतूस पार कर लिए। आरोप है कि उसने चोरी की गोलियां बेचकर नशे का सामान यानी स्मैक खरीदने का खेल भी शुरू कर दिया था।
पुलिस पूछताछ में राजन कुमार ने कबूल किया कि उसने चोरी की गोलियां नारायणपुर निवासी लालमोहन यादव के पुत्र दिवाकर यादव को बेची थीं। वहीं दिवाकर यादव ने भी पुलिस के सामने स्वीकार किया कि उसने उन कारतूसों को नगरपारा निवासी त्रिभुवन सिंह के पुत्र गंभीर कुमार को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिया।
भवानीपुर थानाध्यक्ष शुंभ कुमार के अनुसार तीनों आरोपियों को नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल जांच कराने के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं एसपी नवगछिया ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर दो मैगजीन और 35 कारतूस बरामद कर लिए गए हैं, जबकि दिवाकर यादव के पास से 15 ग्राम स्मैक भी मिली है। उधर इस पूरे मामले में लापरवाही सामने आने के बाद रिजर्व गार्ड दिलीप कुमार यादव पर भी कार्रवाई की गई है। शस्त्र की सुरक्षा में कोताही बरतने के आरोप में उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस केंद्र भेज दिया गया है।
रिपोर्ट- अंजनी कुमार कश्यप