Bihar Crime: सरेआम लूट से दहला भागलपुर, दिनदहाड़े हथियार दिखाकर 8 लाख कैश लूटकर फरार हुए बदमाश
Bihar Crime: चार नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के दम पर पेट्रोल पंप मालिक से 8 लाख 10 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
Bihar Crime:भागलपुर में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दे डाला।मामला ऐसा कि सुनकर रूह कांप जाए ,शाहकुंड के सादपुर मोड़ पर चार नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के दम पर पेट्रोल पंप मालिक से 8 लाख 10 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, अकबरनगर थाना इलाके के बसंतपुर निवासी मंटू कुमार, जो नीलम पेट्रोल पंप के मालिक हैं, अपनी बाइक से शाहकुंड स्थित एसबीआई शाखा में रकम जमा करने जा रहे थे। कैश को उन्होंने बड़ी एहतियात से बाइक की डिक्की में रखा था, मगर शायद उन्हें अंदाजा नहीं था कि रास्ते में ‘लुटेरों की नजर’ पहले से ही उन पर टिकी हुई है।
जैसे ही मंटू कुमार सादपुर मोड़ के पास पहुंचे, दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। हथियार लहराते हुए बदमाशों ने ऐसा खौफ पैदा किया कि एक पल में माहौल सन्नाटे में तब्दील हो गया। विरोध करने की कोशिश की तो जान से मारने की धमकी दी गई। फिर क्या था बदमाशों ने डिक्की तोड़ी, कैश से भरा बैग उठाया और देखते ही देखते हवा हो गए।
जहां एक ओर पुलिस गश्ती के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर दिनदहाड़े इस तरह की वारदातें इन दावों की पोल खोल देती हैं। ऐसा लगता है मानो बदमाशों को कानून का कोई खौफ ही नहीं रहा या यूं कहें कि कानून की पकड़ उनसे कोसों दूर नजर आ रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घेराबंदी की गई और छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अब देखना यह है कि यह लूट का खेल कब तक चलता रहेगा और कब कानून इन बदमाशों पर शिकंजा कसकर जनता को राहत देगा।
रिपोर्ट- अंजनी कुमार कश्यप