सड़क किनारे नवजात का जन्म, फिर मौत का मातम, महिला ने मासूम को पटक-पटककर मार डाला, इलाके में सनसनी

Bihar Crime: मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही एक महिला ने सड़क किनारे ही नवजात को जन्म दिया और कुछ ही देर बाद उसे बार-बार सड़क पर पटक दिया। गं

Bhagalpur Newborn Killed After Being Slammed on Road Probe O
महिला ने मासूम को पटक-पटककर मार डाला- फोटो : reporter

Bihar Crime: नवगछिया-लक्ष्मीपुर मुख्य सड़क के किनारे शुक्रवार को एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही एक महिला ने सड़क किनारे ही नवजात को जन्म दिया और कुछ ही देर बाद उसे बार-बार सड़क पर पटक दिया। गंभीर चोटों के कारण मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। देखते ही देखते सड़क किनारे भीड़ जुट गई और इलाके में सनसनी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला को लंबे समय से इलाके में इधर-उधर भटकते हुए देखा जाता था। शुक्रवार को अचानक उसे प्रसव पीड़ा शुरू हुई और उसने सड़क किनारे ही बच्चे को जन्म दे दिया।

लोग अभी कुछ समझ पाते, उससे पहले महिला ने नवजात को उठाकर सड़क पर पटकना शुरू कर दिया। उसने मासूम को कई बार पटका। आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक नवजात बुरी तरह घायल हो चुका था। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं महिला को सुरक्षा में लेकर उसकी चिकित्सकीय जांच और इलाज की प्रक्रिया शुरू कराई गई है।

पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है। हालांकि पुलिस हर पहलू को खंगाल रही है। महिला की पहचान, उसके परिजनों, पारिवारिक पृष्ठभूमि और उसके यहां तक पहुंचने की पूरी कहानी का पता लगाया जा रहा है। अब सवाल यह भी है कि महिला की मानसिक हालत अगर पहले से खराब थी तो उसे समय रहते सहारा, इलाज और संरक्षण क्यों नहीं मिला। क्या इस मासूम की जिंदगी बचाई जा सकती थी? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल इस हृदयविदारक घटना ने इलाके में मातम और सन्नाटा पसार दिया है। एक नवजात की मौत ने समाज और प्रशासन के सामने मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों की सुरक्षा और देखभाल को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- बालमुकुंद शर्मा