Bihar Crime: भागलपुर में बाइक सवार अपराधियों का तांडव, युवक की गोली मारकर हत्या
Bihar Crime:अपराधियों ने एक युवक को चलती बाइक पर निशाना बनाकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
Bihar Crime: भागलपुर पीरपैंती में अपराधियों ने एक युवक को चलती बाइक पर निशाना बनाकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात इशीपुर थाना क्षेत्र में दौलतपुर और बाराहाट-नंदलालपुर मुख्य मार्ग के बीच योगीवीर पहाड़ी के समीप हुई। हत्या की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
मृतक की पहचान झारखंड के साहिबगंज जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत शोभनपुर भट्ठा दहाड़ी डेरा निवासी राजगृह यादव के पुत्र उत्तम कुमार यादव (30) के रूप में हुई है। बताया गया कि उत्तम पिछले करीब 10 दिनों से अपनी ससुराल दौलतपुर में रह रहा था। ससुराल में बिजली वायरिंग का काम कराने के लिए वह साहिबगंज निवासी एक मिस्त्री के साथ सामान खरीदने इशीपुर-बाराहाट गया था।सामान लेकर वापस लौटने के दौरान योगीवीर पहाड़ी के पास बाइक सवार अपराधियों ने उनकी चलती बाइक को निशाना बनाया। अपराधियों ने उत्तम को गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही इशीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल रेफरल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।उत्तम की मौत की खबर मिलते ही उसके ससुराल और पैतृक गांव से परिजन अस्पताल पहुंचे। शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पत्नी राजनंदनी कुमारी ने पुलिस को बताया कि उसके पति का अपने गांव शोभनपुर दहाड़ी डेरा में गोतिया पक्ष के कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। परिजनों को आशंका है कि इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई। मामले में गोतिया पक्ष के एक व्यक्ति पर हत्या में शामिल होने का आरोप भी लगाया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
रिपोर्ट -अंजनी कुमार कश्यप