भोजपुर में प्रेम-प्रसंग में खूनी वारदात, प्रेमिका के भाई ने प्रेमी को मारी गोली

लड़का पड़ोसी गांव की एक लड़की से प्यार करता है। उनके इस अफेयर से नाराज लड़की के भाई ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है....

Bhojpur Bloody incident in love affair
प्रेम-प्रसंग में खूनी वारदात- फोटो : reporter

Bihar Crime: प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।रविवार देर शाम भोजपुर में हथियारबंद बदमाशों ने पिता के सामने एक छात्र दिव्य प्रकाश (22) को गोली मार दी। गोली उसके बाएं हाथ में लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस गोलीबारी का आरोप प्रेमिका के भाई पर लगा है।

घायल दिव्य प्रकाश सिंह, जो इंटर का छात्र है, ने बताया कि वह पड़ोसी गांव की एक लड़की से प्यार करता है। उनकी मुलाकात चार साल पहले बाजार में हुई थी। उनके इस अफेयर से नाराज लड़की के भाई प्रिंस, गोलू और उसके चाचा ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।

दिव्य प्रकाश के मुताबिक, रविवार देर शाम वह अपने पिता धर्मेंद्र प्रताप सिंह (जो झारखंड के कोडरमा सिविल कोर्ट में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी हैं) और एक दोस्त के साथ गरहनी मार्केट से घर लौट रहा था। उदवंतनगर थाना क्षेत्र के डिमा गांव के पास बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोली मार दी। दिव्य प्रकाश ने सीधे तौर पर प्रिंस और गोलू पर गोली चलाने का आरोप लगाया है।

उदवंतनगर थाना अध्यक्ष जयप्रकाश ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घायल के बयान के आधार पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार