CRPF जवान पर फायरिंग के बाद फरसा-लाठी से हमला, भाई भी लहूलुहान, केस वापस लो... की धमकी का आरोप
Bihar Crime: खेत में रोपनी कर रहे जवान और उसके भाई पर कथित तौर पर पहले फायरिंग की गई, फिर फरसा और लाठियों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। ...
Bhojpur: जिले में छुट्टी पर घर आए एक CRPF जवान पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तीयर थाना क्षेत्र के उड़ियान टोला में खेत में रोपनी कर रहे जवान और उसके भाई पर कथित तौर पर पहले फायरिंग की गई, फिर फरसा और लाठियों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। पीड़ित जवान ने आरोप लगाया है कि यह हमला पुराना केस वापस लेने का दबाव बनाने और जान से मारने की साजिश के तहत किया गया।
घायल CRPF हवलदार आर्मरर कृष्ण भगवान सिंह ने बताया कि वह छुट्टी पर घर आए हुए थे और अपने भाई नंदलाल सिंह के साथ खेत में रोपनी का काम कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग अचानक खेत में पहुंचे और बिना किसी बातचीत के कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी होते ही दोनों भाई जान बचाने के लिए भागे, लेकिन कीचड़ में फिसलकर गिर पड़े।
पीड़ित का आरोप है कि गिरते ही हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और फरसा, लाठी और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। कृष्ण भगवान सिंह के मुताबिक, उनके सिर पर फरसा से कई वार किए गए, जबकि उनके भाई नंदलाल सिंह के सिर पर भी गंभीर चोटें आईं। दोनों के सिर में कई टांके लगे हैं। इसके अलावा जवान के हाथ, कोहनी की हड्डी में फ्रैक्चर और कमर में भी गंभीर चोट बताई जा रही है। दोनों घायलों का इलाज कराया गया है।
घायल जवान का कहना है कि उनके भाई की ओर से दर्ज एक पुराने मामले में 5 अगस्त 2026 को फैसला आना है। आरोप है कि विरोधी पक्ष लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहा था और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं।कृष्ण भगवान सिंह ने दावा किया कि उन्होंने 30 जुलाई को इस संबंध में स्थानीय थाना में आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी। इतना ही नहीं, उन्होंने पुलिस अधीक्षक से व्यक्तिगत रूप से मिलकर अपनी जान को खतरा होने की जानकारी भी दी थी। इसके बावजूद कथित तौर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और अब उन पर जानलेवा हमला कर दिया गया।
पीड़ित ने घटना में कई नामजद लोगों के अलावा तीन अज्ञात पुरुषों और तीन महिलाओं के शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ खेत में पहुंचे थे और उन्हें खत्म करने की नीयत से हमला किया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। इलाके में इस वारदात के बाद तनाव का माहौल है।
रिपोर्ट- आशीष कुमार