Bihar Police Encounter: पटना के बाद भोजपुर में एनकाउंटर, रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर के मुख्य शूटर को पुलिस ने दौड़ा कर मारी गोली

Bihar Police Encounter: भोजपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर रामकुमार सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी शूटर को पुलिस ने शुक्रवार सुबह एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया।

Bhojpur Police Encounter
पटना के बाद भोजपुर में एनकाउंटर- फोटो : X

Bihar Police Encounter: भोजपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर रामकुमार सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी शूटर को पुलिस ने शुक्रवार सुबह एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया। बहोरनपुर थाना क्षेत्र के सारंगपुर मोड़ के पास हुई इस पुलिस मुठभेड़ में शूटर के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे तुरंत आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित और एसडीपीओ-1 सुशील कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी।

हथियार बरामदगी के दौरान शूटर ने की फायरिंग

पुलिस पूछताछ के दौरान पकड़े गए मुख्य आरोपी शूटर की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा हाउसिंग निवासी पवन यादव (22 वर्ष) के रूप में हुई है। एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि आरोपी पवन यादव ने पूछताछ में हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए हथियार को छिपाने की जगह के बारे में जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस हथियार की बरामदगी के लिए उसे लेकर संबंधित स्थल पर पहुंची थी।

इसी दौरान मौका पाकर शातिर पवन यादव ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। यहां तक कि एक गोली पुलिस वाहन के बोनट पर भी जा लगी। पुलिस की ओर से बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद जब उसने गोलीबारी बंद नहीं की, तो अपनी आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की एक गोली आरोपी शूटर के पैर में जा लगी, जिससे वह धराशायी हो गया।

15 अक्टूबर को हुई थी कस्टम के सेवानिवृत्त अधिकारी की हत्या

एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने जानकारी दी कि इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में कुल तीन शूटर शामिल थे, जिनमें से पवन यादव आज पटना भागने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा। गौरतलब है कि 15 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 6 बजे आरा के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत कनकपुरी मोहल्ले में जैन कॉलेज के पूर्वी गेट के पास कस्टम विभाग के सेवानिवृत्त असिस्टेंट कमिश्नर राम कुमार सिंह की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक की पत्नी के बयान पर नवादा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था और पुलिस लगातार अपराधियों की सुरागकशी में जुटी थी।

इस पूरे हत्याकांड के खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य फरार शूटरों और साजिशकर्ताओं की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस पूरी वारदात से जुड़े सभी पहलुओं का आधिकारिक तौर पर पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

ब्यूरो रिपोर्ट