ससुर ने समधिन को मारी गोली, विदाई को लेकर हुआ झगड़ा, इलाके में हड़कंप
Bihar Crime: आरा जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बहू की विदाई को लेकर चल रहे विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया।...

Bihar Crime: बिहार के आरा जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बहू की विदाई को लेकर चल रहे विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गाँव में सोमवार सुबह एक 45 वर्षीय महिला को गोली मार दी गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल महिला की पहचान संदेश प्रखंड की आशा कार्यकर्ता मनोरमा देवी के रूप में हुई है, जो तीर्थकौल गाँव के वार्ड नंबर 5 निवासी भगवान साह की पत्नी हैं। घटना की सूचना मिलते ही गाँव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। संदेश थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे और मामले की छानबीन में जुट गए हैं।
मनोरमा देवी के बेटे संपूर्ण देव ने बताया कि उसकी शादी 2023 में रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के शिवपुर गाँव में हुई थी। शादी के बाद से ही उसके ससुर (पत्नी के पिता) लगातार यह कहते थे कि उनकी बेटी उन्हीं के घर पर रहेगी और उनके हिसाब से चलेगी, न कि संपूर्ण के हिसाब से। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच लगातार विवाद चल रहा था।
संपूर्ण ने आगे बताया कि दशहरे के समय जब वह अपनी पत्नी की विदाई के लिए अपने ससुराल शिवपुरी गया था, तो उसके ससुर ने पुलिस बुलाकर उसे अपमानित किया था। इस घटना से इतना आहत होकर उसने अपना सिर भी फोड़ लिया था। इसके बाद वह अपनी पत्नी को लेकर अपने घर वापस आ गया था, लेकिन उसके ससुराल वाले लगातार उसे भला-बुरा कहते रहते थे।
संपूर्ण देव ने अपने ससुराल वालों पर ही अपनी माँ, मनोरमा देवी पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि फायरिंग के दौरान छर्रा लगने से उसकी माँ घायल हुई हैं।
पुलिस इस गंभीर आरोप की गहनता से जाँच कर रही है। संदेश थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पारिवारिक विवाद में इस तरह के हिंसक मोड़ ने समाज में चिंता पैदा कर दी है। पुलिस की आगे की जाँच ही इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाएगी।
रिपोर्ट- आशीष कुमार