Bihar Crime: आरा-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित टोल प्लाजा पर बवाल, टोल शुल्क को लेकर विवाद के बाद तोड़फोड़, कर्मचारियों से मारपीट का आरोप
Bihar Crime: वाहन चालकों और टोल प्लाजा कर्मचारियों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हंगामे और तोड़फोड़ में बदल गई। घटना के दौरान टोल प्लाजा परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Bihar Crime: आरा-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कुल्हड़िया टोल प्लाजा पर टोल शुल्क को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वाहन चालकों और टोल प्लाजा कर्मचारियों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हंगामे और तोड़फोड़ में बदल गई। घटना के दौरान टोल प्लाजा परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोल शुल्क को लेकर कुछ वाहन चालकों और टोल कर्मचारियों के बीच विवाद शुरू हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने जमकर हंगामा किया और टोल प्लाजा की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। उपद्रवियों ने कार्यालय की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए, लैम्प पोस्ट क्षतिग्रस्त कर दिए और परिसर में व्यापक तोड़फोड़ की।
घटना के दौरान टोल प्लाजा के कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने की भी बात सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद टोल प्लाजा पर काफी देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही कोईलवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हंगामा और तोड़फोड़ करने वाले लोगों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, टोल प्लाजा प्रबंधन भी घटना से हुए नुकसान का आकलन कर रहा है और कर्मचारियों से मारपीट के मामले में पुलिस को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा रहा है।
रिपोर्टर- आशीष कुमार