NAWADA - नवादा में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। वारिसलीगंज में हुई लूट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि इनमें दो को जिले से पकड़ा गया गया है। वहीं एक बदमाश को झारखंड से गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना 25 जनवरी 2025 की है। एक व्यापारी वारिसलीगंज बाजार से करीब 3.23 लाख रुपये की वसूली कर लौट रहे थे। कादिरगंज थाना क्षेत्र के मायाबीघा के पास चार अज्ञात बदमाशों ने उनसे लूटपाट की। पीड़ित की शिकायत पर कादिरगंज थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और सोशल मीडिया का सहारा लेकर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें नवादा के वारिसलीगंज के गोलू यादव और धर्मेंद्र यादव तथा झारखंड के कोडरमा के नसरगंज का पप्पू कुमार उर्फ पुरुषोत्तम शामिल हैं। आरोपियों की निशानदेही पर गोलू यादव के घर से 30 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
रिपोर्ट - अमन सिन्हा