Bihar News: पुलिस का बड़ा एक्शन, एक लाख की इनामी महिला नक्सली गिरफ्तार, कई नामों से थी पहचान
Bihar News:नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।...
Bihar News: बेगूसराय में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देकर फरार चल रही एक लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली बिनीता भारती आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गई। डीआईयू, बेगूसराय जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना पर बरौनी थाना क्षेत्र के बथौली गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस को उसकी काफी समय से तलाश थी।
गिरफ्तार महिला की पहचान दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के लालपुर शिवराम निवासी बिनीता भारती के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह अलग-अलग जगहों पर श्वेता, अनीता, प्रतिमा और कल्पना जैसे नामों से भी अपनी पहचान बताती रही है। उसके खिलाफ विभिन्न मामलों में पांच प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इन्हीं मामलों में उसकी कथित संलिप्तता को लेकर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
चार मई को घोषित हुआ था एक लाख का इनाम
बिनीता भारती की गिरफ्तारी के लिए बिहार पुलिस मुख्यालय के आईजी अभियान की ओर से चार मई 2026 को एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके बाद से ही विशेष पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। इसी बीच पुलिस को उसके बथौली गांव में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद तीनों इकाइयों ने संयुक्त रणनीति बनाकर छापेमारी की और उसे दबोच लिया।
पांच मामलों में पुलिस को थी तलाश
गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और कथित नक्सली गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच की जा रही है कि अलग-अलग नामों का इस्तेमाल करने के पीछे क्या वजह थी और वह किन लोगों के संपर्क में थी। बथौली गांव में उसके पहुंचने का मकसद भी खंगाला जा रहा है।
फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। अधिकारियों की नजर इस बात पर है कि उसके जरिए पुराने मामलों और नक्सली नेटवर्क से जुड़े कौन-कौन से सुराग मिलते हैं। बेगूसराय में हुई इस गिरफ्तारी को नक्सल विरोधी अभियान के लिहाज से अहम कार्रवाई माना जा रहा है।
रिपोर्ट- अजय शास्त्री