Bihar Police Encounter: एक महीने में इतने मुठभेड़ों से मचा हड़कंप! गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्राया बिहार,अपराधियों पर काल बनकर टूटी पुलिस

Bihar Police Encounter: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने पिछले एक महीने में सख्त रुख अख्तियार कर लिया है।

Bihar Police Encounter:  एक महीने में इतने मुठभेड़ों से मचा ह
एक महीने में मुठभेड़ों से मचा हड़कंप!- फोटो : X

Bihar Police Encounter: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने पिछले एक महीने में सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। हत्या, लूट और संगीन आपराधिक वारदातों में शामिल बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस और एसटीएफ लगातार अभियान चला रही हैं। अक्टूबर से लेकर नवंबर 2026 के पहले सप्ताह तक राज्य के अलग-अलग जिलों में कई मुठभेड़ों की घटनाएं सामने आई हैं। कहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधियों को गोली लगी, तो कहीं कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। पटना के मनेर में हुई ताजा मुठभेड़ में तीन अपराधियों के मारे जाने से पुलिस की कार्रवाई और चर्चा में आ गई है।

मनेर एनकाउंटर: पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के तीन आरोपी मारे गए

आज यानी 6 नवंबर 2026 को पटना जिले के मनेर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या में शामिल बताए जा रहे तीन अपराधी राजा शर्मा, बबलू कुमार और जेपी यादव पुलिस की गोली से मारे गए। मुठभेड़ के दौरान मनेर के थाना प्रभारी भी घायल हो गए। इस कार्रवाई को पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

भोजपुर में रिटायर्ड अधिकारी हत्याकांड का शूटर घायल


आज यानी 6 नवंबर को भोजपुर जिले के बहोरनपुर थाना क्षेत्र के सारंगपुर मोड़ के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर रामकुमार सिंह हत्याकांड के आरोपी शूटर पवन यादव को गोली लगी। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से हत्याकांड की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

दरभंगा में गश्ती के दौरान ASI को लगी गोली

5 नवंबर को दरभंगा जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र के उजन गांव में पुलिस की गश्ती के दौरान अपराधियों से आमना-सामना हो गया। इस दौरान मुठभेड़ जैसी स्थिति पैदा हुई और सहायक दारोगा रणधीर कुमार गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई।

वैशाली में 17 संगीन मामलों का आरोपी गिरफ्तार

1 और 2 नवंबर की मध्यरात्रि वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र के मरमला चौर में पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान कोर्ट से फरार चल रहे राज नंदन उर्फ छोटू ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि उसके खिलाफ 17 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अक्टूबर में भी पटना से गया तक पुलिस का एक्शन

अक्टूबर महीने में भी बिहार पुलिस ने कई बड़ी कार्रवाइयां कीं।

25 अक्टूबर, बख्तियारपुर: गैराज संचालक अंजनी कुमार की हत्या के मुख्य आरोपी सौरभ सिंह ने हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

22-23 अक्टूबर, गया: भिक्षा गांव में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम की मुठभेड़ में दारोगा के बेटे की हत्या के मुख्य आरोपी रानू सिंह को गोली लगी। 19 अक्टूबर को हुई गोलीबारी में रानू शेखर की मौत हो गई थी।

14 अक्टूबर, फतुहा: बाईपास हाईवे के पास पुलिस ने कुख्यात अपराधी शुभम कुमार झा को घेर लिया। पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और गिरफ्तार कर लिया गया।

पटना, जानीपुर: अक्टूबर में जानीपुर इलाके में भी पुलिस ने हत्या के आरोपियों और अन्य अपराधियों के खिलाफ मुठभेड़ की कार्रवाई की।

7 अक्टूबर, सीतामढ़ी: रीगा-परसौली रोड पर दिनेश यादव हत्याकांड के तीन आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। बाइक फिसलने के बाद आरोपियों की ओर से फायरिंग किए जाने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और तीनों को पकड़ लिया।

अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की सख्ती से बढ़ी हलचल

लगातार हो रही पुलिस कार्रवाइयों से बिहार में अपराधियों के बीच हलचल बढ़ी है। हत्या जैसे गंभीर मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी और फरार बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस और एसटीएफ संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं। हालांकि, कानून-व्यवस्था की असली कसौटी अपराधों पर स्थायी नियंत्रण, त्वरित अनुसंधान और दोषियों को अदालत से सजा दिलाना है।

पिछले एक महीने की ये घटनाएं बताती हैं कि बिहार पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज की है। अब देखना होगा कि यह सख्ती आने वाले दिनों में अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा के मोर्चे पर कितनी प्रभावी साबित होती है।

ब्यूरो रिपोर्ट