बिहार STF को मिली बड़ी सफलता, 50 हजार का इनामी अपराधी महफूज गिरफ्तार, उत्तर प्रदेश को थी तलाश
बिहार एसटीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने 5 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई करते हुए महफूज को नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। 50 हजार रुपये के इनाम था
Bihar News : बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अपराधी महफूज को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार महफूज उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के कोरांव थाना कांड संख्या 271/25 में वांछित था।
बिहार एसटीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने 5 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई करते हुए महफूज को नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महफूज, पिता फारुख, निवासी चमरौआ, थाना शाहजादनगर, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक महफूज के खिलाफ कोरांव थाना में मामला दर्ज है। इस मामले में उस पर गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5/8, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ), बीएनएस की धारा 325 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। गुप्त सूचना के आधार पर बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए उसे नालंदा के इस्लामपुर थाना क्षेत्र से दबोच लिया।
पुलिस अब गिरफ्तार महफूज से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस को उसकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। गिरफ्तारी को बिहार एसटीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
अनिल की रिपोर्ट