Bihar SVU Raid: पथ निर्माण विभाग के इंजीनियर के ठिकानों पर SVU की तोबड़तोड़ छापेमारी, कई ठिकानों पर एक साथ रेड से हड़कंप
Bihar SVU Raid: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है।
Bihar SVU Raid: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। पथ निर्माण विभाग में तैनात अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के कई ठिकानों पर बुधवार को एक साथ छापेमारी की जा रही है। सहरसा में पदस्थापित अभियंता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में यह कार्रवाई की जा रही है। एसवीयू की इस कार्रवाई से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, विशेष निगरानी इकाई की अलग-अलग टीमें अभियंता से जुड़े कई परिसरों की तलाशी ले रही हैं। इसमें सहरसा स्थित उनका सरकारी कार्यालय और आवास भी शामिल है। इसके अलावा पटना के दानापुर स्थित गोला रोड और महेश नगर में भी छापेमारी की जा रही है। वहीं, अभियंता के गृह जिले औरंगाबाद के दाऊदनगर स्थित परिसरों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
कई शहरों में एक साथ जांच, अब तक 10 लाख रुपये नकद मिलने की सूचना
छापेमारी के दौरान अब तक लगभग 10 लाख रुपये नकद बरामद होने की सूचना सामने आई है। हालांकि, तलाशी की प्रक्रिया अभी जारी है। जांच एजेंसी की टीमें विभिन्न ठिकानों पर मौजूद दस्तावेजों, नकदी और अन्य संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं।एसवीयू की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य अभियंता की ज्ञात आय और उनके द्वारा अर्जित संपत्ति के बीच अंतर का पता लगाना है। जांच के दौरान बैंक खातों, जमीन-जायदाद, निवेश और अन्य वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल किए जाने की संभावना है।
आय से अधिक संपत्ति का मामला, जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर
अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आने के बाद निगरानी एजेंसी ने यह कार्रवाई की है। एक साथ कई जिलों में छापेमारी से संकेत मिलता है कि जांच का दायरा अभियंता के अलग-अलग ठिकानों तक फैला हुआ है।
फिलहाल एसवीयू की ओर से तलाशी और दस्तावेजों के सत्यापन की कार्रवाई जारी है। बरामद नकदी के स्रोत और अन्य संभावित संपत्तियों के संबंध में जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक बरामदगी और संपत्ति के कुल मूल्य को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
अब सबकी नजर एसवीयू की जांच पर टिकी है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि अभियंता के ठिकानों से कितनी नकदी, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद हुए हैं।
Bihar SVU Raid: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है।