Bihar Crime: विवाहिता की मौत के बाद श्मशान घाट से अस्पताल पहुंची अर्थी, बिना सूचना अंतिम संस्कार की तैयारी का आरोप, 4 महीने के बच्चे के सिर से उठा मां का साया
Bihar Crime: विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी...
Nawada: एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पकरीबरावां थाना क्षेत्र के पोक्सी गांव में 23 वर्षीय स्वाति कुमारी की मौत के बाद उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या और दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि ससुराल वाले मायके वालों को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में जुट गए थे। पुलिस ने श्मशान घाट पहुंचकर शव को बरामद किया और मृतका के ससुर को गिरफ्तार कर लिया।मृतका की पहचान नालंदा जिले के कतरीसराय थाना क्षेत्र निवासी हाजिरी प्रसाद की बेटी स्वाति कुमारी के रूप में हुई है। स्वाति की शादी वर्ष 2024 में हिंदू रीति-रिवाज से अर्जुन प्रसाद के पुत्र अभिमन्यु कुमार के साथ हुई थी।
दहेज में 10 लाख और गाड़ी की मांग का आरोप
मृतका के भाई सनी कुमार का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग की जा रही थी। कभी गाड़ी खरीदने के लिए 10 लाख रुपये, तो कभी अन्य सामान की मांग की जाती थी। भाई का दावा है कि मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बहन को प्रताड़ित किया गया और आखिरकार उसकी हत्या कर दी गई।
परिजनों के मुताबिक, स्वाति की मौत की जानकारी उन्हें ससुराल वालों से नहीं, बल्कि गांव के लोगों से मिली। जब मायके वाले श्मशान घाट पहुंचे तो वहां अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
चार महीने के मासूम के सिर से उठा मां का साया
स्वाति अपने पीछे महज चार महीने का मासूम बेटा छोड़ गई है। परिजनों के अनुसार बच्चे को ससुराल वाले अपने साथ ले गए हैं। घटना के बाद मायके में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी रंजन चौधरी ने बताया कि मृतका के परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पति, सास, ससुर समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मृतका के ससुर को गिरफ्तार किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव मायके वालों को सौंप दिया गया।अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि स्वाति की मौत की असली वजह क्या थी और क्या दहेज प्रताड़ना के आरोपों का इससे कोई संबंध है।
रिपोर्ट- अमन कुमार