Mahila Rojgar Yojana: बिहार की महिलाओं के खाते में आएंगें 20 हजार रुपए, इस दिन आएगी दूसरी किस्त,रफ्तार पकड़ेगा महिला रोजगार मिशन
बिहार की महिलाओं के लिए राहत और रोज़गार का पैग़ाम लेकर आई है सरकार। ...
Mahila Rojgar Yojana:बिहार की महिलाओं के लिए राहत और रोज़गार का पैग़ाम लेकर आई है सरकार। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत दूसरी किस्त की रकम मार्च के अंतिम सप्ताह तक जारी करने की तैयारी तेज़ कर दी गई है। सियासी गलियारों में इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
योजना के तहत वही महिलाएं दूसरी किस्त की हकदार होंगी, जिन्हें नवंबर में पहली किस्त के तौर पर 10-10 हजार रुपये मिले थे। अब सरकार 20 हजार रुपये की दूसरी किस्त सीधे महिला उद्यमियों के बैंक खाते में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए भेजेगी। हालांकि इस माली मदद के साथ महिलाओं को भी 5 हजार रुपये का अंशदान जोड़ना होगा, ताकि कुल पूंजी से अपना कारोबार मजबूत किया जा सके।
दूसरी किस्त जारी करने से पहले पात्र महिला उद्यमियों का चयन किया जाएगा। ‘जीविका दीदी’ जिला कार्यालय को योग्य महिलाओं की सूची तैयार करने का जिम्मा सौंपा गया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रक्रिया अंतिम दौर में है और जल्द ही मुख्यालय को सूची भेज दी जाएगी।
जानकारों के मुताबिक, यह योजना चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेगी।
दूसरी किस्त: 20 हजार रुपये (5 हजार अंशदान)
तीसरी किस्त: 40 हजार रुपये (10 हजार अंशदान)
चौथी और अंतिम किस्त: 60 हजार रुपये (15 हजार अंशदान)
हर चरण में महिला को लगभग 25 फीसदी तक अपनी हिस्सेदारी जोड़नी होगी। विभागीय निगरानी भी समय-समय पर की जाएगी, ताकि कारोबार पारदर्शी और सुचारु रूप से चलता रहे।
दूसरी किस्त पाने से पहले महिला उद्यमी को कुछ सख्त मानकों पर खरा उतरना होगा। उद्योग का फिजिकल वेरीफिकेशन अनिवार्य होगा। जीविका समूह से जुड़ाव और बैठकों में नियमित उपस्थिति देखी जाएगी। आमदनी-खर्च का पूरा हिसाब देना भी जरूरी होगा। सभी शर्तें पूरी होने के बाद ही रकम खाते में ट्रांसफर की जाएगी।
सियासी नजरिए से देखें तो यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की ठोस रणनीति मानी जा रही है। अब निगाहें मार्च के आख़िरी हफ्ते पर टिकी हैं, जब हजारों महिलाओं के खातों में नई उम्मीद की रकम दस्तक देगी।