पटना के बाढ़ में सुबह सुबह स्कूल के पास मिला व्यक्ति का शव, घटनास्थल से देशी कट्टा बरामद
Bihar News : पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सिकंदरपुर प्राथमिक विद्यालय के समीप मिले शव के पास से एक देशी कट्टा भी बरामद हुआ है, जिसके बाद घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सूचना मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक की पहचान हासनचक निवासी करीब 40 वर्षीय सुजीत कुमार के रूप में की जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह हत्या का मामला है, आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस हर बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है।
रविशंकर कुमार की रिपोर्ट