जमुई में अपराधी बेलगाम: मोबाइल छीनने के दौरान अपराधियों ने फेरी वाले को मारी गोली, सदर अस्पताल में इलाज जारी
जमुई जिले में अपराधियों के हौसले काफी बुलंद हो गए है। उन्हें पुलिस और कानून का कोई भय नही रह गया है। आज एकबार फिर बेखौफ अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने एक फेरीवाली से मोबाइल छिनने के दौरान विरोध करने पर गोली मार दी.....
Jamuai : जिले में बेखौफ अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला टाउन थाना क्षेत्र के कुंदरी गांव के पास का है, जहां बुधवार को करीब अज्ञात अपराधियों ने एक फेरी वाले से मोबाइल छीनने का प्रयास किया। फेरी वाले द्वारा विरोध करने और मोबाइल नहीं देने पर बदमाशों ने उसकी पीठ में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
पश्चिम बंगाल का रहने वाला है पीड़ित
गंभीर रूप से घायल फेरी वाले की पहचान मारूफ के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का निवासी (पिता- रफीक) है। वह अपने सात अन्य साथियों के साथ जमुई शहर के महीसौढ़ी इलाके में किराए के मकान में रहकर घूम-घूमकर फेरी का काम करता है।
साथी को फोन कर दी थी घटना की जानकारी
घायल मारूफ के साथी बब्बन शेख ने बताया कि वारदात के दौरान मारूफ ने तुरंत फोन कर सूचना दी थी कि कुछ लोग उसका मोबाइल छीन रहे हैं। इसके थोड़ी ही देर बाद अपराधियों ने उसे गोली मार दी। साथी तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से पुलिस की गश्त पर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस की टीम सदर अस्पताल पहुँची और पीड़ित के बयान के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जिले में हाल के दिनों में घटी आपराधिक घटनाओं—जैसे नाबालिग से छेड़छाड़, मणिअड्डा में ज्वेलरी दुकान में चोरी, बोधवन तालाब में चेन स्नेचिंग, लछुआर में बम मारकर हत्या और चंद्रदीप में किसान की हत्या—के बाद इस नई वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुमित की रिपोर्ट