Bihar Crime: इज्जत को सरेआम नीलाम करने वाला शौहर सलाखों के पीछे, दबोचा गया अश्लील फोटो-वीडियो वायरल कांड में फरार आरोपी
Bihar Crime: पत्नी की इज़्ज़त को सरेआम उछालने और निजी लम्हों को सोशल मीडिया पर वायरल करने के इल्ज़ाम में फरार चल रहे शौहर को आखिरकार पुलिस ने धर दबोचा।....
Bihar Crime: साइबर जुर्म की दुनिया में एक और संगीन वारदात का पर्दाफाश हुआ है। पत्नी की इज़्ज़त को सरेआम उछालने और निजी लम्हों को सोशल मीडिया पर वायरल करने के इल्ज़ाम में फरार चल रहे शौहर को आखिरकार पुलिस ने धर दबोचा। शिकायत के बाद जांच में आरोपों को सही पाया गया, जिसके बाद कानून का शिकंजा कस गया।
पूरे मामले की कमान साइबर डीएसपी विपीन बिहारी ने संभाली। उनके नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सुरागों और डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपी अंकित कुमार झा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी करीब एक साल से फरार था और मुंबई में ठिकाना बनाकर रह रहा था, ताकि कानून की पकड़ से बच सके।
इल्ज़ाम है कि आरोपी ने अपनी ही पत्नी की नग्न तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल कर दिए थे। इस हरकत से पीड़िता की सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरी ठेस पहुंची। मामले ने तूल तब पकड़ा जब पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान डिजिटल सबूतों की पड़ताल की गई, आईपी एड्रेस और ऑनलाइन गतिविधियों का विश्लेषण किया गया, जिसके बाद आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सिर्फ घरेलू विवाद नहीं, बल्कि गंभीर साइबर अपराध की श्रेणी में आता है। निजी तस्वीरों और वीडियो को बिना सहमति सार्वजनिक करना कानूनन दंडनीय अपराध है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
साइबर डीएसपी ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के साथ इस तरह की वारदात होती है तो शर्म या डर के कारण चुप न रहें। तुरंत संबंधित थाना या साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि वक्त रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस का कहना है कि डिजिटल अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी गुनहगार को बख्शा नहीं जाएगा।
रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर