Bihar Crime: इश्क का खौफनाक अंजाम, श्मशान घाट के बगीचे में मिली लाश,युवक को गोली मारकर फेंका, प्रेमिका समेत 3 हिरासत में
एक युवक की लाश बरामद हुई। यह मामला अब इश्क, साजिश और कत्ल की खौफनाक कहानी बन चुका है
Bihar Crime: दरभंगा शहर में शनिवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब लहेरियासराय इलाके के भीगो नया टोला स्थित बांध किनारे गांछी (श्मशान घाट के पास बगीचे) में एक युवक की लाश बरामद हुई। यह मामला अब इश्क, साजिश और कत्ल की खौफनाक कहानी बन चुका है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है।
मृतक की पहचान अशोक पेपर मिल थाना क्षेत्र के सिरनिया गांव निवासी मोहम्मद रहमत अली के बेटे मो. अरमान के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह जब वे टहलने के लिए आम के बगीचे में पहुंचे, तो पेड़ के नीचे एक युवक का शव पड़ा मिला। देखते ही देखते यह खबर इलाके में आग की तरह फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही लहेरियासराय थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक को गोली मारकर हत्या की गई और शव को सुनसान जगह पर फेंक दिया गया।
मृतक के परिजन इस हत्या के पीछे ‘प्रेम प्रसंग’ का एंगल बता रहे हैं। अरमान के मामा मो. परवेज के अनुसार, शुक्रवार को अरमान एक लड़की से मिलने होटल गया था, जहां उसके साथ 5-6 लड़कों ने मारपीट भी की थी। इसके बाद रात करीब 8 बजे उसकी परिवार से आखिरी बातचीत हुई और फिर उसका मोबाइल बंद हो गया। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी लाश मिलने की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। परिजनों का आरोप है कि यह एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई हत्या है।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शक के आधार पर प्रेमिका, उसकी बहन और भाई को हिरासत में लिया है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस ‘मर्डर मिस्ट्री’ की हर कड़ी को जोड़ा जा सके। डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के बयान के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
फिलहाल यह मामला प्रेम, धोखा और साजिश के त्रिकोण में उलझा हुआ नजर आ रहा है। पुलिस अब कॉल डिटेल, होटल के सीसीटीवी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए इस कत्ल की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या प्यार के नाम पर बढ़ती हिंसा समाज के लिए नया खतरा बनती जा रही है? जवाब पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा, लेकिन फिलहाल दरभंगा इस खूनी इश्क की कहानी से दहल उठा है।
रिपोर्ट- वरुण ठाकुर