Bihar crime: नाबालिग को छिपाने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला, पत्रकार भी पिटा,जमकर बरसे ईंट-पत्थर
Bihar crime: लड़की को छिपाकर रखने की सूचना पर जांच करने पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
Bihar crime: दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के निस्ता गांव में नाबालिग लड़की को छिपाकर रखने की सूचना पर जांच करने पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पूछताछ शुरू होते ही कुछ ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की के बाद लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद पत्रकार नीरज कुमार साह के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई, जिसमें वह घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरपुर निवासी एक नाबालिग लड़की को निस्ता गांव में छिपाकर रखे जाने की सूचना उसके परिजनों ने पुलिस को दी थी। परिजन मुजफ्फरपुर से पहुंचकर डायल 112 की टीम को मामले की जानकारी देने के बाद पुलिस टीम एसआई शंभु शर्मा के नेतृत्व में जांच के लिए गांव पहुंची थी।
पुलिस टीम नाबालिग के संबंध में ग्रामीणों से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कुछ ग्रामीण कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से उलझ गए। देखते ही देखते धक्का-मुक्की के बाद लाठी-डंडों और ईंट से हमला शुरू कर दिया गया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस टीम किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रही।बताया गया है कि हमले में महिला सिपाही की पीठ पर ईंट से वार किया गया, जबकि एसआई शंभु शर्मा के दाहिने हाथ में चोट लगी है। पुलिस वाहन के चालक के कान के पास भी चोट आने की बात कही गई है। सरकारी पुलिस वाहन पर भी ईंट-पत्थर बरसाए गए।
इसी बीच घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे पत्रकार नीरज कुमार साह भी कथित हमले की चपेट में आ गए। मारपीट में घायल पत्रकार को इलाज के लिए सीएचसी सिंहवाड़ा में भर्ती कराया गया है।घटना की जानकारी रात में ही दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी, सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष वसंत कुमार और कमतौल एसडीपीओ एसके सुमन को फोन के जरिए दिए जाने का दावा किया गया है। हालांकि, घटना के बाद प्राथमिकी, आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पूरे मामले में पुलिस टीम पर हमले और पत्रकार के साथ मारपीट के आरोपों की जांच के साथ नाबालिग लड़की के संबंध में मिली सूचना की भी तफ्तीश जरूरी है। पुलिस को लड़की की सुरक्षा और बरामदगी के साथ हमले में शामिल लोगों की पहचान कर कानून के मुताबिक कार्रवाई करनी होगी।
रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर