दिनदहाड़े खून से दहला बिहार, चेन छिनतई का विरोध पड़ा भारी, दुकानदार की गोली मारकर हत्या

Bihar Crime: सुबह अपराधियों ने दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए चाय दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी।....

Darbhanga Tea Seller Shot Dead Over Chain Snatching Row
दिनदहाड़े खून से दहला बिहार- फोटो : reporter

Bihar Crime: सुबह अपराधियों ने दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए चाय दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के हसन चौक स्थित दुर्गा मंदिर के पास हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। बताया जा रहा है कि चेन छिनतई का विरोध करना युवक को भारी पड़ गया।

मृतक की पहचान श्रवण कुमार के रूप में हुई है, जो विश्वविद्यालय परिसर के पास चाय-नाश्ते की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय वह अपनी दुकान पर काम में व्यस्त थे, तभी बाइक सवार अपराधी इलाके में चेन छिनतई की वारदात को अंजाम दे रहे थे।पीड़ित अमित कुमार ने बताया कि वह दूध लेने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान दो बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से उनकी चेन झपटने की कोशिश की। विरोध करने पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। अमित कुमार किसी तरह बाल-बाल बच गए, लेकिन बदमाश आगे बढ़े और श्रवण कुमार को निशाना बनाते हुए उनके सीने में गोली मार दी।

गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल श्रवण कुमार को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज और अस्पतालले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।सूचना मिलते ही बिहार पुलिस की विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिसमें अपराधी बाइक से भागते दिखाई दिए हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर