बिहार के जमुई के बाद अब यहाँ हुआ नाबालिग से गैंगरेप, पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी को मारी गोली

लिस के अनुसार, सोमवार शाम 17 वर्षीय किशोरी अपने 17 वर्षीय पुरुष मित्र के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन करने गई थी। वहां तीन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को रोक लिया। बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया गया

Minor Rape Case Accused Shot in Police Encounter
Minor Rape Case Accused Shot in Police Encounter- फोटो : news4nation

 बिहार के जमुई में एक नाबालिग लडकी से बीच सड़क पर छेड़खानी की घटना पर राष्ट्रीय स्तर पर हो रही निंदा के बीच ऐसा ही एक मामला राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सामने आया है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय किशोरी से कथित गैंगरेप के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।


पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम 17 वर्षीय किशोरी अपने 17 वर्षीय पुरुष मित्र के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन करने गई थी। इसके बाद दोनों गेट नंबर-7 से आस्था कुंज पार्क में चले गए। आरोप है कि वहां तीन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने किशोरी को उसके दोस्त से अलग कर सुनसान जगह पर ले गए।

धमकाया और दुष्कर्म !

शिकायत के मुताबिक, आसिफ ने किशोरी को हथियार और चाकू दिखाकर धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके साथ मौजूद दो अन्य आरोपियों ने भी कथित तौर पर किशोरी से दुष्कर्म किया। आरोपियों ने किशोरी और उसके दोस्त को घटना के बारे में किसी को बताने पर धमकी भी दी।


पुलिस को रात करीब 8:45 बजे घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही अमर कॉलोनी थाने के एसएचओ और पुलिसकर्मी आस्था कुंज पार्क पहुंचे, जहां किशोरी अपने दोस्त के साथ मिली। किशोरी का एम्स में मेडिकल परीक्षण कराया गया। वहीं, क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। मामले में अमर कॉलोनी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं।

हेड कांस्टेबल को मारी गोली

जांच के दौरान पुलिस को आसिफ के डीएम ऑफिस रोड, अमर कॉलोनी के पास मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि रोकने और आत्मसमर्पण के लिए कहने के बावजूद आसिफ ने तीन राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।


पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में हेड कांस्टेबल राजेश ने दो राउंड फायर किए, जिसमें से एक गोली आसिफ के दाहिने पैर में लगी। इसके बाद उसे घायल अवस्था में एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। मुठभेड़ वाली जगह पर क्राइम टीम और एफएसएल की टीम को बुलाकर जांच की गई है। पुलिस अब मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।