Bihar News: RJD MLC सुनील सिंह की बढ़ी मुश्किलें! पत्नी और बेटे से ED की घंटों पूछताछ, धोखाधड़ी के मामले में चार्जशीट दाखिल
Bihar News: बिहार में चना दाल की आपूर्ति के नाम पर कथित धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एमएलसी सुनील कुमार सिंह के परिवार से पूछताछ शुरू कर दी है। ...
Bihar News: बिहार में चना दाल की आपूर्ति के नाम पर कथित धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एमएलसी सुनील कुमार सिंह के परिवार से पूछताछ शुरू कर दी है। गुरुवार को सुनील सिंह से करीब आठ घंटे तक सवाल-जवाब करने के बाद शुक्रवार को उनकी पत्नी वंदना सिंह और बेटे यशस्वी सिंह को पटना स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय बुलाया गया। दोनों से अलग-अलग कमरों में बैठाकर कई घंटे तक पूछताछ की गई।
ईडी अधिकारियों की जांच का मुख्य केंद्र सहकारी समितियों के बैंक खातों में जमा रकम और उसके इस्तेमाल का ब्योरा रहा। अधिकारियों ने वंदना सिंह और यशस्वी सिंह से खातों में आई राशि, उसके हस्तांतरण और आगे हुए वित्तीय लेन-देन को लेकर सवाल पूछे। साथ ही दोनों के बयानों का मिलान एक दिन पहले सुनील सिंह से हुई पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों से किया जा रहा है।
यह पूरा मामला जून 2025 में पटना के गर्दनीबाग थाने में दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि भारत चना दाल की आपूर्ति के लिए वंदना सिंह की अध्यक्षता वाली जय माता दी कृषक सेवा स्वावलंबी सहकारी समिति के बैंक खाते में 23.65 लाख रुपये जमा कराए गए थे। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद चना दाल की आपूर्ति नहीं की गई और पैसे भी वापस नहीं किए गए।
इसी तरह यशस्वी सिंह की अध्यक्षता वाली सारण फल सब्जी कृषक स्वावलंबी सेवा समिति पर भी 3.71 लाख रुपये लेकर चना दाल की आपूर्ति नहीं करने का आरोप लगाया गया है। दोनों समितियों से जुड़े मामलों में कुल 27.36 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप है।
इस मामले में पटना पुलिस पहले ही आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है। अब इसी प्राथमिकी और पुलिस की जांच रिपोर्ट के आधार पर ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत अपनी जांच आगे बढ़ाई है।चना दाल सप्लाई के नाम पर 16.50 लाख की ठगी के मामले में गर्दनीबाग थाने में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल किया है। राजद एमएलसी सुनील सिंह को चना दाल की आपूर्ति न करने के आरोप में 7 दिसंबर को कोर्ट में पेश होने का नोटिस मिला है।
ईडी की पूछताछ का मकसद कथित तौर पर जुटाई गई रकम के स्रोत, बैंक खातों में हुए लेन-देन और पैसों के इस्तेमाल की कड़ियों को समझना है। फिलहाल जांच जारी है और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय हो सकती है।