गया में बैंक फ्रॉड मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, 85 करोड़ के लोन से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी

ईडी की जांच में कंपनी का नियंत्रण अखौरी गोपाल और उनके बेटों निशांत एवं नितेश के पास होने की बात सामने आई है। बैंक से लिए गए ऋण के एवज में अखौरी गोपाल और उनके परिवार के सदस्यों की व्यक्तिगत गारंटी भी दी गई थी।

ED Raids Gaya
ED Raids Gaya- फोटो : news4nation

Bihar News :  बैंक फ्रॉड से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED), पटना की टीम ने शुक्रवा को गया में बड़ी कार्रवाई शुरू की। ईडी की टीम ने PMLA की धारा 17 के तहत रामनंदी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स लिमिटेड (RHRL) से जुड़े कई ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।


जांच एजेंसी के मुताबिक, कंपनी पर बैंकों के कंसोर्टियम से लिए गए करीब 85 करोड़ रुपये के ऋण में से लगभग 58 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी और डायवर्जन का आरोप है। आरोप है कि यह राशि फर्जी अथवा जाली प्रोजेक्ट कंप्लीशन रिपोर्ट के आधार पर हासिल की गई थी।


ईडी की जांच में कंपनी का नियंत्रण अखौरी गोपाल और उनके बेटों निशांत एवं नितेश के पास होने की बात सामने आई है। बैंक से लिए गए ऋण के एवज में अखौरी गोपाल और उनके परिवार के सदस्यों की व्यक्तिगत गारंटी भी दी गई थी।


जांच एजेंसी के अनुसार, टाटा मोटर्स से जुड़े बकाये के बदले पांच संपत्तियों को गिरवी/मॉर्गेज किया गया था। बाद में इन संपत्तियों को कथित तौर पर कम कीमत पर बेच दिया गया, जबकि वे पहले से ही गिरवी थीं। ईडी को कुछ खरीदारों के बेनामी या प्रॉक्सी होने का भी संदेह है।


फिलहाल ईडी की टीम संबंधित परिसरों में दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही मामले में सामने आए तथ्यों और आगे की कार्रवाई की विस्तृत जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।

मनोज की रिपोर्ट