दानापुर में टेम्पू स्टैंड के बाहर वाहनों से वसूली जा रही थी रंगदारी, पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार

पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में ऑटो और टोटो चालकों से अवैध रंगदारी वसूलने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी कर मौके से तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है.....

दानापुर में टेम्पू स्टैंड के बाहर वाहनों से वसूली जा रही थी

Patna : पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में ऑटो और टोटो चालकों से अवैध रंगदारी वसूलने वाले गिरोह के खिलाफ नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई की गई है। दानापुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टेम्पू स्टैंड के पास कुछ व्यक्तियों द्वारा तय दरों से ज्यादा अवैध रूप से एजेंसी वसूली और रंगदारी की जा रही है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से तीन आरोपियों को धर दबोचा। 


पार्किंग के बाहर आने-जाने वाले वाहनों से वसूली जा रही थी रंगदारी 

पुलिस जांच के क्रम में यह बात सामने आई कि आरोपी पार्किंग क्षेत्र के निर्धारित दायरे के बाहर सड़क पर आने-जाने वाले टोटो, ऑटो एवं अन्य गाड़ियों से भी दबंगई दिखाकर अवैध वसूली कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से 'मां सोहित इंफ्रा सॉल्यूशन' (MAA SOHIT INFRA SOLUTION) लिखी हुई 50-50 रुपये की 3 डेली पास पर्चियां और 4,970 रुपये की नकद राशि बरामद की गई। 


भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्जतीन आरोपी गिरफ्तार 

इस घटना के संबंध में दानापुर थाना में मामला दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 35 वर्षीय भोला कुमार (ग्राम-मुबारकपुर, थाना-शाहपुर), 26 वर्षीय विकास कुमार (ग्राम-उसरी बांध पर, थाना-शाहपुर) और 42 वर्षीय शिव कुमार (ग्राम-लोदीपुर, थाना-मनेर) के रूप में हुई है। 


दानापुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में हुई छापेमारी 

इस सफल कार्रवाई को दानापुर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक रवीन्द्र कुमार, सहायक अवर निरीक्षक दीपक कुमार और दानापुर थाना के सशस्त्र बल की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ा और वसूली के पैसों व रसीदों को तुरंत जब्त कर लिया। 


अवैध वसूली के खिलाफ पुलिस की विशेष अपील 

कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि पश्चिमी पटना क्षेत्र के अंतर्गत यदि कहीं भी रंगदारी, अवैध वसूली या अवैध तरीके से पैसे मांगने की घटना होती है, तो इसकी सूचना तुरंत दी जाए। इसके लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9031825815 जारी किया है, ताकि असामाजिक तत्वों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जा सके। 


रंजीत की रिपोर्ट